वरिष्ठ पत्रकार विनोद दुआ पर झूठी खबर फैलाकर समाज को बांटने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता नवीन कुमार ने 13 अप्रैल को लक्ष्मी नगर थाने में दुआ के खिलाफ तहरीर दी थी। जांच का जिम्मा क्राइम ब्रांच को सौंपा गया था। जांच में साक्ष्य पाए जाने के बाद बृहस्पतिवार को क्राइम ब्रांच ने दुआ के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
नवीन कुमार के मुताबिक, उतर-पूर्वी दिल्ली में हुई हिंसा के बाद विनोद दुआ इस मामले को सोशल मीडिया पर गलत तरह से पेश कर रहे थे। आरोप है कि अपने यू ट्यूब चैनल पर उन्होंने हिंसा के पीछे केंद्र सरकार व कपिल मिश्रा की मिलीभगत बताने का प्रयास किया था। उनके इस कृत्य से समाज में आक्रोश व आपसी सौहार्द खत्म होने का खतरा था।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के भारत दौरे को भी विनोद दुआ ने गलत बताकर देश की छवि धूमिल करने का प्रयास किया। दिल्ली हिंसा से जुड़े सभी मामलों की जांच क्राइम ब्रांच कर रही है, इसलिए नवीन कुमार की भी शिकायत की जांच क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई थी। क्राइम ब्रांच जल्द नोटिस भेजकर दुआ से पूछताछ करेगी।