फरीदाबाद में एक व्यक्ति ने छह लोगों पर धोखे से प्रतिबंधित क्षेत्र का प्लॉट बेचकर 1.41 लाख रुपये हड़पने का मामला दर्ज कराया है। आरोप है कि रुपये वापस मांगने पर उसे जान से मारने की धमकी दी गई।
पुलिस के अनुसार, ओल्ड फरीदाबाद की न्यू बसेलवा कॉलोनी में रहने वाले विनय कुमार गिरी ने मंगलवार को दी शिकायत में बताया कि कुछ समय पहले वह शहर में एक प्लॉट की तलाश कर रहा था। इस दौरान धीरज नगर एक्सटेंशन में सैनिक बिल्डकॉम कंपनी के नाम से प्रॉपर्टी का काम करने वाले कुछ लोगों के बारे में उसे पता लगा।
आरोप है कि वहां संपर्क करने पर कंपनी के प्रोपराइटर आदेश के अलावा कमल शर्मा, पवन, पीयूष, कुमुद झा और देशराज ने उसे धीरज नगर एक्सटेंशन में एक प्लॉट दिखाकर एडवांस में 1.41 लाख रुपये ले लिए। आरोप है कि उक्त लोगों ने जो प्लॉट दिखाया था, उसके बारे में पूछताछ करने पर पता लगा कि वह प्लॉट प्रतिबंधित क्षेत्र में आता है।
आरोप है कि पीड़ित ने जब प्लॉट बेचने वालों से अपने रुपये मांगे, तो उन्होंने वापस नहीं किए और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।