नजफगढ़ में अनाथ बच्चों की दयनीय हालत और बच्चियों को अद्घनग्न व नग्न हालत के फोटो देखकर हाईकोर्ट न्यायमूर्ति विचलित हो गए। उन्होंने कहा कि बच्चियां जिस हालत में लड़कों के सामने इस हालत में रखी गई है इससे उनका यौन शोषण के आरोप को नकारा नहीं जा सकता।
अदालत ने तुंरत प्रभाव से इन सभी बच्चों को दिल्ली सरकार के किसी भी अनाथालय में स्थानांतरित करने का आदेश जारी कर दिया। इतना ही नहीं अदालत ने क्षेत्रीय पुलिस उपायुक्त को यौन शोषण व आपराधिक गतिविधियों की जांच कर उचित कार्रवाई रिपोर्ट पेश करने का निर्देश दिया है।
मामला नजफगढ़ स्थित प्रेम धाम आश्रम द्वारा संचालित हुमन केयर इंटरनेशनल का है। हालही में महिला एवं बाल विकास विभाग ने उक्त आश्रम को नोटिस जारी कर सभी बच्चों को निर्मल छाया व किसी अन्य स्वीट होम के सुर्पुद करने का निर्देश दिया था।
आश्रम के संचालक क्रिस्टोफर भट्टी ने इस फैसले को हाईकोर्ट के समक्ष चुनौती दी, लेकिन मामला उलटा पड़ गया। न्यायमूर्ति संजीव सचदेव के समक्ष याची ने कहा कि वह अच्छे तरीके से बच्चों की देखभाल कर रहा है और बच्चे भी वहां से जाना नहीं चाहते।