एनआईए ने फरीदाबाद से शोएब नामक एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि शोएब ने आतंकी उमर नबी को धमाके से ठीक पहले न केवल पनाह दी, बल्कि लॉजिस्टिक सपोर्ट भी मुहैया कराया था। इस गिरफ्तारी के साथ ही इस मामले में अब तक कुल गिरफ्तार आरोपियों की संख्या सात हो गई है।
शोएब को पूछताछ के लिए बुलाया और कर लिया गिरफ्तार
सूत्रों के अनुसार, शोएब की गिरफ्तारी के बाद मामले की परतें खुलनी शुरू हो गई हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शोएब को पहले भी इस मामले में पूछताछ के लिए बुलाया गया था और फिर छोड़ दिया गया था। हालांकि, ताजा खुलासों के बाद उसे दोबारा पूछताछ के लिए बुलाया गया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
आमिर राशिद अली के नाम थी i20 कार
गिरफ्तार आरोपी आमिर राशिद अली उस कार का पंजीकृत मालिक है, जिसका इस्तेमाल आत्मघाती हमलावर द्वारा धमाके में किया गया था। प्रारंभिक जांच से सामने आया है कि आरोपी ने हमलावर के साथ मिलकर पूरी योजना तैयार की थी। एजेंसी ने दिल्ली पुलिस से केस अपने हाथ में लेने के बाद आरोपी की तलाश के लिए व्यापक अभियान शुरू किया था। कई राज्यों में खोज अभियान चलाने के बाद आखिरकार आमिर राशिद अली को दिल्ली से गिरफ्तार किया गया।