अदालत ने दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी और प्रवक्ता हरीश खुराना के खिलाफ मानहानि की शिकायत पर गुरुवार को संज्ञान ले लिया। इनके खिलाफ आम आदमी पार्टी नेता सुशील कुमार ने शिकायत की है।
राउज एवेन्यू अदालत के अतिरिक्त मुख्य महानगर दंडाधिकारी समर विशाल ने सुनवाई के लिए 29 जून की तारीख तय करते हुए सुशील को बयान दर्ज कराने के लिए कहा है। पेश शिकायत में आरोप लगाया है कि भाजपा प्रवक्ता हरीश खुराना ने मुख्यमंत्री पर हमला करने वाले के रूप में उन्हें सोशल मीडिया पर प्रचारित किया। उनकी फोटो को एक प्रेस वार्ता में मनोज तिवारी ने दिखाया जबकि केजरीवाल पर हमला करने वाला शख्स सुरेश चौहान है। इन नेताओं के इस कृत्य से उनकी छवि खराब हुई है।
दरअसल, मोती नगर इलाके में रोड शो के दौरान मुख्यमंत्री पर सुरेश चौहान नाम के एक शख्स ने हमला कर दिया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था। इस हमले में आप ने बीजेपी का हाथ होने का आरोप लगाया था। इसके जवाब में भाजपा ने इसे आप की ही साजिश बता दिया था। इन नेताओं ने अपनी बात की पुष्टि के लिए सुशील की फोटो सोशल मीडिया और प्रेस में प्रसारित की थी।