सेक्टर - 27 में रहने वाली लीला अपनी शादी में एक लाख रुपये का डिजाइनर लहंगा पहनना चाहती है। लेकिन इतना महंगा लहंगा पहनना लीला के बजट से बाहर है।
इसलिए अब लीला ने किराए पर डिजाइनर लहंगा लेने का उपाय निकाला है। मात्र 20 हजार रुपये में लीला को देवदास मूवी में माधुरी दीक्षित के पहने गए लहंगे जैसा लहंगा मिल रहा है।
सिर्फ लीला ही नहीं नोएडा के सैकड़ों लोग पैसे बचाने के लिए किराए पर पार्टी में पहनने के लिए ड्रेस ले रहे हैं। शादियों का सीजन होने की वजह से इन दिनों किराए के कपड़ों की डिमांड और बढ़ गई है। अट्टा मार्केट में भी किराए के कपड़ों के पूछने के लिए युवाओं का आना जाना लगा हुआ है।
एक लाख रुपये तक की मिल रही ड्रेस
अट्टा मार्केट के दुकानदार आसिफ ने बताया कि 1 लाख रुपये तक की किराए पर ड्रेस मिल रही है। हमारी बड़ी दुकान दिल्ली के लाजपत नगर में हैं। वहां से ड्रेस लाकर पसंद करवाते हैं।
दूल्हा-दुल्हन के अलावा दूसरे महमानों के लिए भी ड्रेस उपलब्ध है। दुल्हन की ड्रेस के लिए 10 हजार रुपये से किराया शुरू है। वहीं दूसरे लोगों की ड्रेस के लिए 1500 रुपये से किराया शुरू है।
बाकी ड्रेस का किराया उसकी कीमत पर निर्भर करता है। दुल्हन के लहंगे, साड़ी, दूल्हे के लिए शेरवानी से लेकर सभी तरह के ड्रेस मिलेगी।
शादियों का सीजन होने की वजह से पहले करानी पड़ेगी बुकिंग
शादियों का सीजन होने की वजह से किराए की ड्रेस लेने के लिए पहले बुकिंग करानी पड़ेगी। शादी का सीजन चलने की वजह से इस समय बुकिंग तेज चल रही है।
जानिए कितनी देर के लिए मिलती है ड्रेस
इसलिए तुरंत ड्रेस मिलना मुश्किल है। 48 घंटे के लिए ड्रेस किराए पर मिलती है। ड्रेस को लेने के लिए ड्रेस के किराए के साथ- साथ सिक्युरिटी मनी और एक आईडी कार्ड जमा कराना होगा। ड्रेस लौटाते समय सिक्युरिटी और आईडी कार्ड वापस मिल जाएगा।
पार्टी में दिखेंगे सब से अलग
तकरीबन हर शख्स को साल में तीन से चार पार्टियों में तो अमूमन जाना ही पड़ जाता है। ऐसे में सभी पार्टी में नई ड्रेस पहनना सभी के लिए मुमकिन भी नहीं होता है।
वहीं एक ही ड्रेस को बार-बार पार्टी में पहन भी नहीं पाते हैं। एक अच्छी पार्टी के लिए ड्रेस खरीदने के लिए 10- 15 हजार रुपये खर्च होते हैं। जबकि किराए पर 2 से 5 हजार रुपये में ही अच्छी ड्रेस मिल जाएगी। इससे हर बार पार्टी में अलग - अलग लुक में नजर आएंगे।