दिल्ली का हिंदूराव अस्पताल अस्थायी रूप से सील कर दिया गया है। एक नर्स के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद यह कदम उठाया गया है। बताया गया है कि कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग और सैनिटाइजेशन होने तक अस्पताल सील रहेगा।
सीआरपीएफ के 15 जवानों में संक्रमण की पुष्टि
दिल्ली में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल(सीआरपीएफ) के एक सहायक उपनिरीक्षक, चार हेड कांस्टेबल और उनके संपर्क में आए एक व्यक्ति समेत 15 जवानों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है।
श्रीनिवासपुरी पुलिस चौकी के दो सिपाही संक्रमित
शनिवार रात अमर कॉलोनी की श्रीनिवासपुरी पुलिस चौकी में तैनात दो सिपाहियों में भी कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। वहीं, एक कोरोना संदिग्ध सिपाही अभी अस्पताल में ही भर्ती है। चौकी के सात पुलिसकर्मियों को एक होटल में क्वारंटीन किया गया है।
राजधानी में कुल 95 कंटेनमेंट जोन
दिल्ली में तीन नए इलाकों को कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया। इनमें शालिमार गांव की गली संख्या तीन, एक्स ब्लॉक की गली संख्या 9 और यादव विला की गली संख्या एक से तीन तक के इलाकों को शामिल किया गया है।
गृहमंत्रालय के निर्देशानुसार ही खुलेंगी दुकानें
राजधानी दिल्ली में दुकानों को खोलने को लेकर दिल्ली सरकार ने केंदृय गृहमंत्रालय द्वारा जारी किए गए नवीनतम दिशानिर्देशों को लागू करने का फैसला लिया है। दिल्ली सरकार के एक अधिकारी ने बताया कि गैर-आवश्यक वस्तुओं की दुकानों को खोलने की भी अनुमति दी जाएगी। लेकिन कंटेनमेंट जोन में इन दुकानों को किसी तरह की ढील का लाभ नहीं मिलेगा। कंटेनमेंट जोन में लोगों को किसी तरह की छूट नहीं मिलेगी।
दिल्ली के अलीपुर थाने का हवलदार कोरोना संक्रमित, 11 कर्मी हुए क्वारंटीन
दिल्ली के थाना अलीपुर में तैनात एक हवलदार कोरोना संक्रमित पाया गया है। इसके बाद एहतियात के तौर थाने के 11 पुलिसकर्मियों को नरेला स्थित क्वारंटीन सेंटर में भेजा गया है।
बुलंदशहर में 10 नए संक्रमित आए सामने, कुल संख्या हुई 40
बुलंदशहर के मुख्य चिकित्साधिकारी के. एन. तिवारी ने बताया कि आज उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में कुल 93 सैंपल की रिपोर्ट आई है जिसमें से 10 पॉजिटिव पाए गए हैं और 3 सैंपल रिपीट हैं, शेष 80 सैंपल नेगेटिव पाए गए हैं।
नोएडा में एक और संक्रमित मिलने के बाद सेक्टर 45 सील, कुल हॉटस्पॉट हुए 40 जिन्हें तीन जोन में बांटा
नोएडा के सेक्टर 45 में आज एक संक्रमित सामने आने के बाद डीएम ने अगले आदेश तक इस इलाके को सील करने का आदेश दिया है। इसके साथ ही अब गौतमबुद्ध नगर में अब 40 इलाके सील कर दिए गए हैं जिन्हें तीन जोन में बांटा गया है। ये जोन हैं रेड, ऑरेंज और ग्रीन जोन। रेड जोन - 17 इलाके, ऑरेंज जोन- 13 इलाके, ग्रीन जोन- 10 इलाके।
गाजियाबादः महिला डॉक्टर कोरोना पॉजिटिव, मुरादनगर में की जा रही है भर्ती
गाजियाबाद के इंदिरापुरम में एक्सप्रेस गार्डन में रहने वाली महिला बाल रोग विशेषज्ञ की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। महिला की जांच दिल्ली में प्राइवेट लैब में हुई थी। सीएमओ डॉ. एनके गुप्ता ने बताया कि महिला को मुरादनगर में भर्ती किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि महिला के परिवार के सदस्यों को क्वारंटीन करने के 5 दिन बाद सैम्पल लिया जाएगा क्योंकि अभी किसी भी सदस्य में कोई लक्षण नहीं है।
गृहमंत्रालय के आदेश के बाद क्या बोले सत्येंद्र जैन
दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहना है कि केंद्र सरकार ने कल रात को आदेश दिया है, उसके बारे में पता करते हैं कि क्या है। दिल्ली में 92 हॉटस्पॉट हैं, दिल्ली का कोई भी जिला पूरा सील नहीं है। दुकान खोलने हैं या नहीं दोपहर तक इस बारे में निर्णय लिया जाएगा। फैसला जो भी हो उसकी शुरुआत 30 अप्रैल के बाद ही होगी।
बंद है जामा मस्जिद
लॉकडाउन के चलते रमजान के पहले दिन बंद रहा जामा मस्जिद। सामान्य हालातों में आज के दिन जामा मस्जिद में खूब चहल-पहल रहती है।
गृहमंत्रालय के आदेश के बाद दिल्ली के लक्ष्मी नगर में खुलीं दुकानेें
लॉकडाउन के लगभग एक महीने बाद लक्ष्मीनगर में हार्डवेयर की दुकानें खुलीं। संबंधित राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों की दुकान एवं स्थापना अधिनियम के तहत पंजीकृत सभी दुकानों, आवासीय परिसर की दुकानों, आस-पड़ोस की दुकानों और एकल दुकानों को अब लॉकडाउन के प्रतिबंधों से छूट दी गई है। हालांकि दिल्ली सरकार ने इसे लेकर अभी कोई फैसला नहीं किया है। माना जा रहा है कि राज्य सरकार आज-कल में फैसला ले लेगी।
नोएडा में बंद हैं दुकानें
नोएडा के सेक्टर-22 में जरूरी सामानों की दुकानें भी बंद हैं। डीएम ने इस इलाके को हॉटस्पॉट घोषित किया है।
दिल्लीः दरियागंज सब्जी में लोगों को थर्मल स्क्रीनिंग के बाद मिला प्रवेश
दिल्ली की दरियागंज सब्जी मंडी में खरीदारी करने पहुंचे लोगों के हाथ सैनिटाइज कराए जा रहे हैं और उनके टेम्परेचर की जांच भी की जा रही है। मंडी में सोशल डिस्टेंसिंग बनाए रखने के लिए एक बार में 20 ही लोगों को अंदर जाने दिया जा रहा है।
आज से खुलेंगी रजिस्टर्ड दुकानें
गृमंत्रालय ने शनिवार सुबह से रजिस्टर्ड दुकानों को शर्तों के साथ खोलने की अनुमति दी है। हालांकि शॉपिंग मॉल्स और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स अभी नहीं खुलेंगे।
ओखला सब्जी मंडी में खरीदारों को नहीं मिल रहा फल
रमजान में दिल्ली की ओखला सब्जी मंडी में जरूरी सामान की खरीदारी करते लोग। खरीदारी करने आए एक व्यक्ति ने बताया कि यहां फल नहीं मिल रहे हैं, थोड़ा बहुत ही सामान मिल रहा है।