दिल्ली का किशनकुंज इलाका कोरोना का नया हॉटस्पॉट हो सकता है। मंगलवार को एक बुजुर्ग की मौत के बाद यह इलाका कोरोना के लिहाज से संवेदनशील हो गया है। इसे देखते हुए मृत व्यक्ति के घर के आसपास के पूरे इलाके को प्रशासन ने सील कर दिया है।
पूर्वी दिल्ली नगर निगम के एमएचओ सोमा शेखर ने अमर उजाला को बताया कि दिल्ली सरकार की तरफ से उन्हें कुछ इलाकों की लिस्ट दी गई है जहां कोरोना पॉजिटिव केस पाए गए हैं। इन इलाकों में सभी घरों को डिसइन्फेक्ट किया जाना है।
20 बड़े टैंकरों से और छोटी स्प्रेयर मशीनों दो स्पेशल सेनेटाइज़र युक्त रसायनों का छिड़काव सभी 64 वार्डों में कर पूरे इलाके को डिसइन्फेक्ट किया जा रहा है।
पूर्वी दिल्ली के आठ इलाकों को सील कर दिया गया है। इनमें खिचड़ीपुर का गली नंबर-3, पांडवनगर का एच ब्लॉक, किशनकुंज का गली नंबर-4, आईपी एक्सटेंशन का मयूरध्वज अपार्टमेंट, वसुंधरा एंक्लेव का मनसारा अपार्टमेंट शामिल है। इस सभी क्षेत्रों में लगभग छह हजार लोग रहते हैं।