‘जहा हैं, वहीं रुकें, सहायता के लिए करें फोन’
दिल्ली से यूपी-बिहार के लिए पलायन कर रहे मजदूरों के सामने बड़ी चुनौती है। रोजगार के खत्म होने से वे यहां भूखे रहने को मजबूर हुए हैं, तो वाहन न होने से वे पैदल ही अपने घरों की तरफ निकल चुके हैं। लेकिन इन मजदूरों के साथ कोरोना का संक्रमण गांवों तक में फैल सकता है, ऐसा खतरा मंडराने लगा है।
संजय सिंह ने कहा कि इन लोगों को अपने घरों तक पहुंचने में 15-20 दिन से लेकर एक महीने तक का भी समय लग सकता है। इन दिनों में वे क्या खायेंगे और कहां रहेंगे, यह बड़ी समस्या खड़ी हो गई है।
साथ ही, अगर इनमें से एक भी व्यक्ति कोरोना संक्रमित है, तो उससे संक्रमण के भारी संख्या में दूसरों तक पहुंचने का खतरा भी बढ़ गया है। इसलिए उनकी अपील है कि लोग जहां हैं, वहीं रुक जाएं। भोजन और आवास सहित किसी भी सहायता के लिए लोगों को सरकार को और स्थानीय प्रशासन की मदद लेनी चाहिए।
चार लाख लोगों को भोजन करा रही सरकार
आप सांसद ने कहा कि दिल्ली सरकार अपने 550 अलग-अलग सेंटरों पर चार लाख से ज्यादा लोगों को भोजन करवा रही है। किसी को भोजन के लिए अपने घरों से ज्यादा दूर न जाना पड़े, इसे ध्यान में रखते हुए हर इलाके में भोजन की व्यवस्था की गई है।
और भी जरूरत होगी तो सरकार अन्य इलाकों में भी भोजन उपलब्ध कराएगी। सरकार के आलावा अनेक सामाजिक-धार्मिक संस्थाएं लोगों को दोनों वक्त का भोजन उपलब्ध करवा रही हैं। ऐसे में उनकी अपील है कि लोग किसी तरह की भगदड़ करने से बचें। सरकार, समाज और देश उनके साथ है।
खुद घर से भोजन बनवाकर झुग्गियों में पहुंचाया
गायिका कनिका कपूर के संक्रमण के मामले के बाद कई सांसदों को भी संक्रमण का खतरा पैदा हो गया था। उस घटना के बाद से ही सेल्फ आइसोलेशन में रखकर चल रहे सांसद संजय सिंह के नार्थ एवेन्यू स्थित आवास पर लगातार भोजन बन रहा है और गरीबों को पहुंचाया जा रहा है।
सांसद की पत्नी और परिवार के अन्य लोग खुद को सुरक्षित रखते हुए गरीबों तक जाकर भोजन पहुंचा रहे हैं।