नोएडा में कोरोना बुजुर्गों को अपनी गिरफ्त में ले ही रहा है। साथ ही बड़ी संख्या में युवा भी महामारी की चपेट में आ रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग स्तर से कोविड अस्पतालों में भर्ती मरीजों की समीक्षा में यह बात सामने आई है। अस्पतालों में करीब 65 फीसदी बुजुर्ग इलाज करा रहे हैं तो लगभग 25 प्रतिशत युवा भी उपचाराधीन हैं।
जिले में जिम्स, शारदा, यथार्थ, फोर्टिस, जेपी, कैलाश, सेक्टर-39 समेत आदि कोविड अस्पताल हैं। जिले में सक्रिय केसों की संख्या 1082 है। इनमें से 362 मरीज होम आइसोलेट है। ये मरीज घर पर रहकर ही विभाग की निगरानी में अपना इलाज करा रहे हैं। इसके अलावा 720 मरीज कोविड अस्पतालों में भर्ती हैं।
स्वास्थ्य विभाग के अफसर ने बताया कि कोविड अस्पतालों में करीब 65 प्रतिशत बुजुर्ग भर्ती हैं। कुल भर्ती 720 मरीजों के सापेक्ष देखें तो इनकी संख्या लगभग 465 है। वहीं, 25 फीसदी यानी 180 युवा अस्पतालों में उपचाराधीन हैं। शेष 10 फीसदी में अधिकांश अन्य और एक से दो प्रतिशत 10 साल से कम उम्र के बच्चे शामिल हैं। संक्रमितों में महिला और पुरुष दोनों शामिल हैं।