कोरोना वायरस से बचाव के लिए नगर निगम ने 31 मार्च तक सार्वजनिक व्यवहार बंद कर दिया है। बुधवार को नगर निगम कार्यालय में आने वाले लोगों को गेट से ही वापस लौटा दिया गया। अधिकारियों ने केवल शिकायतों व सुझाव के लिए लोगों को ईमेल पर संपर्क करने का आग्रह किया है।
नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि हर वक्त निगम कार्यालय में 100 से अधिक लोग आते हैं। इसमें जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र, शादी रजिस्ट्रेशन, हाउस टैक्स जमा एवं ठीक करवाने समेत अन्य शिकायतों को लेकर कार्यालय में आते हैं। ऐसे में एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में कोरोना वायरस फैलने का डर है। इसको देखते हुए नगर निगम आयुक्त ने कार्यालय के सार्वजनिक व्यवहार पर 31 मार्च तक पाबंदी लगा दी है।
इस समय के दौरान अधिकारी एवं कर्मचारी शिकायतें एवं सुझाव प्राप्त करेंगे। निगम अधिकारियों ने लोगों से आग्रह किया है कि वह ईमेल के जरिए अपनी शिकायतें एवं सुझाव अधिकारियों तक पहुंचाएं। अधिकारी निर्धारित समयावधि में कार्रवाई कर जवाब ईमेल पर ही भेजेंगे।