गुरुग्राम में नए कोरोना मरीजों की संख्या अब दिनोंदिन कम हो रही है जबकि स्वस्थ होने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इसी क्रम में शुक्रवार को भी 54 नए मरीज आए तो 73 मरीज स्वस्थ हुए। जिले में कोरोना मरीजों की संख्या अब बढ़कर 9535 तक पहुंच चुकी है। वहीं जिले में अब तक 125 मरीज दम तोड़ चुके हैं।
कोरोना के नए मरीजों को आइसोलेट करने के साथ ही गंभीर मरीजों को अस्पतालों में भर्ती किया गया है। पिछले करीब एक माह से कोरोना मरीजों के स्वस्थ होने की दर काफी बढ़ गई है। अब जिले में कुल संक्रमितों के स्वस्थ होने का अनुपात 91 फीसदी से भी ज्यादा हो गया है।
खास बात यह है कि उपचाराधीन मरीजों की संख्या अब 700 से भी नीचे आ गई है। कुल मरीजों में से अब महज 698 मरीज ही सक्रिय हैं। जिसमें से 554 मरीज होम आइसोलेट हैं, जबकि 144 मरीज ही उपचाराधीन हैं। शासकीय कोविड अस्पतालों में अब महज 2 मरीज ही उपचाराधीन हैं, जबकि जिला कोविड हेल्थ सेंटर में सिर्फ 63 मरीज ही भर्ती हैं।
वहीं, 79 मरीज जिला कोविड केयर सेंटर में उपचाराधीन हैं। शुक्रवार को जिले में 2724 लोगों की कोविड-19 की जांच की गई। आरटी-पीसीआर व रैपिड एंटीजन किट के जरिए 2256 लोगों की जांच की गई जबकि 468 लोगों की निजी लैब व निजी अस्पतालों में जांच की गई।