गुरुग्राम में कोरोना के नए मरीजों के मुकाबले मरीजों के ठीक होने का अनुपात लगातार बढ़ रहा है। बुधवार को 64 नए मरीज मिले, तो 95 मरीजों को स्वस्थ घोषित कर दिया गया। वहीं, एक संक्रमित की मौत भी हो गई। इसी के साथ मरने वालों का आंकड़ा 125 तक पहुंच चुका है जबकि अब तक कुल 9398 मरीज संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। वहीं 8548 मरीज स्वस्थ भी हो गए हैं। जिले में कोविड-19 की जांच कराने वालों की संख्या भी अब 1,12,870 तक पहुंच चुकी है।
बुधवार को कुल 2719 लोगों की कोविड-19 की जांच की गई। एक दिन में अब तक की यह सर्वाधिक संख्या है। रैपिड एंटीजन किट व शासकीय लैब में आरटी-पीसीआर के जरिए जांच के लिए बुधवार को कुल 2335 लोगों से नमूने लिए गए, जबकि 384 लोगों की निजी लैब में जांच की गई। जांच के मामले में शुरू से ही गुरुग्राम अन्य जिलों के मुकाबले आगे रहा है। अब तक हुई कुल जांच में से 1 लाख 753 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है जबकि 9398 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। राहत की बात यह भी है कि उपचाराधीन कुल मरीजों में से महज 3 मरीज ही शासकीय कोविड अस्पतालों में भर्ती हैं। वहीं, मरीजों की मौत के मामले में भी गुरुग्राम की स्थिति अब काफी बेहतर हो रही है।