गौतमबुद्ध नगर में गुरुवार को कोरोना वायरस के 74 नए मामले आए सामने हैं। जबकि 28 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया है। जिले में अब तक 606 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। अभी जिले में कोरोना वायरस के 551 सक्रिय मामले हैं। कोरोना वायरस से जिले में अब तक 16 लोगों की मौत हो चुकी है।
नियमों का उल्लंघन, 300 रेहड़ी वालों पर जुर्माना
दादरी के जीटी रोड और रेलवे रोड पर लॉकडाउन की शर्तों का उल्लंघन करने पर दादरी नगरपालिका ने कार्रवाई करते हुए करीब 300 रेहड़ी-पटरी वालों से जुर्माना वसूला है। साथ ही कई ठेलों को जब्त भी किया है। नगरपालिका ने कुल 15,500 रुपये का जुर्माना भी लगाया है। दादरी में संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़ने के बाद नगरपालिका ने अतिक्रमण पर अभियान चलाया है।
बृहस्पतिवार को नगरपालिका और पुलिस टीम ने बाजारों को दौरा किया। इस दौरान जिन दुकानदारों और रेहड़ी-पटरी वालों ने अतिक्रमण किया था, उन पर कार्रवाई की गई। सभी दुकानों के सामने लाइन खींच दी गई है। साथ ही रेहड़ी वालों को भी एक जगह खड़ा कर सामान बेचने पर पाबंदी है। अधिशासी अधिकारी समीर कुमार कश्यप ने बताया कि पूर्व में भी सीमा निर्धारित की गई थी। यदि आगे भी उल्लंघन होगा तो अधिक जुर्माने लगेगा।
301 घरों में 1470 लोगों का सर्वे
बिलासपुर कस्बे में दो कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग की छह टीमों ने बृहस्पतिवार को दो मोहल्लों के 301 घरों में 1470 लोगों का सर्वे किया। सर्वे रिपोर्ट में खांसी, जुकाम, बुखार, दस्त, उल्टी, सांस लेने में परेशानी व बाहर जाने और आने वालों की जानकारी ली गई। श्यामवीर सिंह के नेतृत्व में मंजू नागर, इमलेश भाटी, अनिता यादव, उर्मिला यादव, सुनीता , पुष्पा, बेबी, रीना, सुधा, जगरेश भाटी आदि स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने सर्वे किया।