दिल्ली में बढ़ते कोरोना संक्रमण के मामलों के बीच एक राहत भरी खबर ये है कि यहां अस्पताल में भर्ती होने वाले मरीजों की संख्या बहुत कम है। दिल्ली में भले ही सक्रिय मरीजों की संख्या बढ़ रही हो लेकिन संक्रमण के चलते बहुत कम लोग ही अस्पताल में भर्ती हो रहे हैं। कोरोना के बढ़ते संक्रमण को लेकर जब दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री से सवाल पूछे गए तो उन्होंने कुछ ऐसा ही जवाब दिया।
कोरोना योद्धाओं के परिजनों को दिए एक-एक करोड़ रुपये
स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने कोरोना ड्यूटी के दौरान संक्रमण की वजह से जान गंवाने वाले डॉक्टर मिथिलेश कुमार सिंह व सरकारी डिस्पेंसरी में कार्यरत मुनीश देवी के परिजनों से मुलाकात की। इन कोरोना योद्धाओं के परिजनों को दिल्ली सरकार की तरफ से एक-एक करोड़ रुपये की सहायता राशि का चेक सौंपा गया। वहीं, मिथिलेश कुमार की पत्नी को मोहल्ला क्लीनिक में नौकरी देने की घोषणा की गई।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि डॉ. मिथिलेश दिल्ली के महाराजा अग्रसेन अस्पताल में कोरोना मरीजों की सेवा कर रहे थे, जबकि मुनीश देवी तीमारपुर डिस्पेंसरी में नर्स के पद पर कार्यरत थीं। कोरोना ड्यूटी करते हुए दोनों संक्रमित हो गए थे और लोगों की सेवा करते हुए निधन हो गया। दिल्ली सरकार कोविड के दौरान लोगों की सेवा करते हुए संक्रमित होने पर जान गंवाने वाले 29 कोरोना योद्धाओं के परिजनों को अब तक एक-एक करोड़ रुपये की सम्मान राशि दे चुकी है।
स्वास्थ्य मंत्री ने मुनीश देवी के परिवार को उनके घर खेड़ा कलां गांव पहुंचकर और इसके बाद रोहिणी स्थित डॉ. मिथिलेश कुमार के घर जाकर परिजनों को चेक सौंपा। 29 अप्रैल को मुनीश देवी व डॉ. मिथिलेश कुमार सिंह का 13 जून 2021 को निधन हो गया था।