दिल्ली में कोरोना संक्रमण का प्रसार फिर से बढ़ता दिखाई दे रहा है। राजधानी में बीते चार मार्च के बाद पहली बार सबसे अधिक कोरोना मरीज सामने आए हैं। बुधवार को स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि पिछले एक दिन में 299 लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। इससे पहले चार मार्च को 300 से अधिक मामले सामने आए थे लेकिन उसके बाद इनकी संख्या में लगातार गिरावट दर्ज की गई थी।
विभाग के अनुसार बीते एक दिन में 12022 नमूनों की जांच में 2.49 फीसदी कोरोना संक्रमित मिले हैं। इस दौरान 173 मरीजों को छुट्टी भी दी गई। इसी के साथ ही राजधानी में कोरोना के कुल मामले बढ़कर 18,66,881 हुए जिनमें 18,39,909 मरीज ठीक हुए लेकिन 26158 मरीजों की अब तक संक्रमण से मौत हुई।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार बीते एक दिन में कोरोना के सक्रिय मामलों में भी काफी उछाल आया है। इनकी संख्या अब 814 हुई जिनमें 504 मरीज अपने घरों में आइसोलेशन में हैं। वहीं 11 मरीज अस्पताल में भर्ती हैं। वहीं अस्पतालों में 32 मरीज कोरोना संदिग्ध हैं। इनके अलावा राजधानी में कंटेनमेंट जोन की संख्या भी 716 पहुंच गई है।