दिल्ली में रविवार को कोरोना वायरस के रिकॉर्ड मामले सामने आए हैं। राजधानी में आज कोरोना वायरस के 2224 नए मामले सामने आए। जबकि 56 लोगों की मौत को गई। इसी के साथ कुल संक्रमितों की संख्या 41182 हो गई है। रविवार को 878 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया। दिल्ली में अब तक 15823 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। कोरोना वायरस से राजधानी में अबतक 1327 लोगों की मौत हो चुकी है। दिल्ली में अभी 24032 सक्रिय मामले हैं।
एम्स ने शुरू की नई हेल्पलाइन
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में दिल्ली के हालातों पर समीक्षा बैठक के चंद घंटे बाद ही रविवार को एम्स ने कोरोना वायरस को लेकर एक नई हेल्पलाइन शुरू की है। 9115444155 पर कॉल करके एम्स के वरिष्ठ डॉक्टरों की सहायता ली जा सकती है। ओपीडी अप्वाइंटमेंट के अलावा वॉलंटियर्स से मदद लेने और कोविड उपचार में जुटे डॉक्टरों से सलाह लेने के लिए यहां संपर्क किया जा सकता है।
एम्स के वरिष्ठ डॉ. विजय हाडा, डॉ. अनिमेश रॉय और डॉ. बिकास रंजन रॉय को इसकी जिम्मेदारी दी गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने सोशल मीडिया पर भी इसकी जानकारी देते हुए दिल्ली सरकार के साथ मिलकर कोरोना की लड़ाई जीतने का आश्वासन दिया है। एम्स के एक वरिष्ठ डॉक्टर ने बताया कि कोविड उपचार में जुटे राजधानी के अस्पतालों के डॉक्टर इस हेल्पलाइन पर संपर्क कर एम्स के डॉक्टरों से मार्गदर्शन प्राप्त कर सकते हैं।
एलजी ने किया अस्थायी कोविड अस्पताल का निरीक्षण
कोरोना का संक्रमण जिस तरह से दिल्ली में फैल रहा है उस लिहाज से अस्पतालों में बेड की कमी को देखते हुए अन्य जगहों पर भी अस्थायी अस्पताल दिल्ली में तैयार करने की योजना को अमलीजामा पहनाया जा रहा है। रविवार को दिल्ली के उपराज्यपाल अनिल बैजल कोविड-19 संकमितों के लिए प्रस्तावित छतरपुर में 10 हजार बेड वाले अस्थायी अस्पताल की जगह का निरीक्षण किया।
अस्थायी अस्पताल छतरपुर क्षेत्र में आध्यात्मिक संगठन राधा स्वामी सत्संग ब्यास के परिसर में बनाया जा रहा है। दक्षिण दिल्ली के जिलाधिकारी समेत अधिकारियों के एक दल भी उपराज्यपाल के साथ पहुंचा और पूरे परिसर का जायजा लिया। कोरोना महामारी से निपटने के स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़े चीजों का अस्थायी अस्पताल को जितना जल्दी संभव हो उतना जल्दी तैयार करने का निर्देश भी दिया गया।
उल्लेखनीय है कि दिल्ली सरकार ने सामुदायिक भवन, स्टेडियम, बैंक्वेट हॉल, होटल समेत कई जगहों की पहचान की है, ताकि संक्रमण बढ़ा और जरूरत पड़ी तो संक्रमित लोगों का इलाज किया जा सके। ऐसे जगहों को अस्थायी कोविड-19 अस्पतालों में बदला जा रहा है। स्वामी सत्संग व्यास परिसर पर अस्थायी अस्पताल 1700 फुट लंबा और 700 फुट चौड़ा होगा। इस महीने के अंत तक पूरी तरह से तैयार हो जाएगा। परिसर में स्थित स्थायी घर को चिकित्सा कर्मियों के लिए होगा। परिसर में पर्याप्त अस्थायी शौचालय का भी निर्माण किया जाएगा।