दिल्ली में मंगलवार को कोरोना वायरस के 1374 नए मामले सामने आए हैं। जबकि 12 लोगों की मौत हो गई है। इसी के साथ कुल संक्रमितों की संख्या 1,54,741 हो गई है। राजधानी में मंगलवार को 1146 लोगों को डिस्चार्ज किया गया है। दिल्ली में अब तक कुल 1,39,447 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। कोरोना वायरस से अब तक कुल 4226 मरीजों की मौत हो चुकी है। दिल्ली में अभी 11068 सक्रिय मरीज हैं।
दिल्ली सरकार ने जानकारी दी है कि मंगलवार को राजधानी में 5419 आरटी-पीसीआर और 14847 रैपिड एंटीजन जांच की गई हैं। दिल्ली में अब तक कोरोना वायरस की कुल 13,37,374 जांच की गई हैं। दिल्ली में अभी कुल कंटेनमेंट जोन की संख्या 557 है।
कोरोना से ठीक हो चुके मरीजों के लिए खोला जाएगा पोस्ट कोविड क्लीनिक
कोरोना से ठीक हो चुके मरीजों में पुन: कोरोना के लक्षण मिलने की समस्या को देखते हुए दिल्ली सरकार के राजीव गांधी सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में पोस्ट कोविड क्लीनिक शुरू की जाएगी। जिसमें कोरोना संक्रमण से मुक्त हो चुके मरीजों में फिर से लक्षण आने पर विश्लेषण किया जाएगा।
अस्पताल के चिकित्सा निदेशक डॉ. बीएल शेरवाल के अनुसार, कोरोना से अधिक लोग ठीक हो रहे हैं, हालांकि इनमें से कुछ लोगों में सांस लेने में शिकायत मिली है। इस संबंध में हमें मरीजों के कई कॉल भी प्राप्त हुए हैं। इसलिए अस्पताल में क्लीनिक को खोलकर हम मरीजों के फेफड़ों का सीटी स्कैन के साथ-साथ अन्य जांच भी करेंगे।
इससे हमें यह समझने में सहायता होगी कि विभिन्न रोगियों में कोरोना से उबरने के लिए प्रक्रिया कितनी अलग है। डॉक्टर ने बताया कि अगस्त की शुरुआत में हमें ऐसे मरीजों के दो उदाहरण भी देखने को मिले हैं। जिनमें कोरोना से ठीक होने के बाद करीब डेढ़ महीने के उपरांत फिर से संक्रमण के लक्षण नजर आए, हालांकि मरीजों में कोरोना के हल्के ही लक्षण थे। उन्होंने कहा कि क्लीनिक के इस सप्ताह में शुरू होने की भी संभावना है।