दिल्ली में शुक्रवार को कोरोना वायरस के 1330 नए मामले सामने आए हैं। इसी के साथ कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 26,334 हो गई है। राजधानी में पिछले 24 घंटे में 417 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया। जबकि अब तक 10315 लोग स्वस्थ होकर अपने घर जा चुके हैं। कोरोना वायरस से आज 25 लोगों की मौत हुई। वहीं कुल मौतों का आंकड़ा 708 हो चुका है। राजधानी में फिलहाल 15,311 सक्रिय मामले हैं।
एक व्यक्ति से 20 लोग संक्रमित, 750 क्वारंटीन
एक व्यक्ति से 20 लोग कोरोना संक्रमित होने के बाद जिला प्रशासन ने पूरा इलाका सील कर दिया है। यह मामला दिल्ली के पीतमपुरा इलाके का है, जहां के तरुण एंक्लेव में 24 मई को एक व्यक्ति संक्रमित मिला था।
इसके बाद मरीज के संपर्क में आने वाले लोगों की जांच कराई गई तो उनमें से 20 पॉजिटिव मिले। इसके चलते प्रशासन ने 210 घरों को सील किया गया है। इस क्षेत्र में करीब 750 लोग रहते हैं। यहां से एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें लोगों का कहना है कि इलाके में कोरोना संक्रमित कई मरीज आ चुके हैं। फिलहाल, जिला प्रशासन ने कंटेनमेंट जोन में इलाके को तब्दील करते हुए वहां सख्ती बढ़ा दी है।
उत्तरी निगम में तीन अभियंता संक्रमित, आठवीं मंजिल सील
उत्तरी दिल्ली नगर निगम में कोरोना लगातार फैल रहा है। अब सहायक, कनिष्ठ और अधिशासी अभियंता भी संक्रमण की चपेट में आ गए हैं। इनके संपर्क में रहे 15 कर्मचारियों को होम क्वारंटीन किया गया है।
बताया जा रहा है कि निगम मुख्यालय के आठवीं मंजिल पर कार्यरत सहायक अभियंता में कोरोना की पुष्टि हुई है। इसके बाद इस मंजिल को सील कर दिया गया है। इसके अलावा सिविल लाइन जोन में भी एक कनिष्ठ अभियंता कोरोना संक्रमित मिले हैं। वहीं, नरेला के बिल्डिंग विभाग में तैनात अधिशासी अभियंता में भी कोरोना की पुष्टि हुई है। इनके संपर्क में रहे सभी कर्मचारियों को होम क्वारंटीन कर दिया गया है। गौरतलब है कि इससे पहले उत्तरी निगम में कोरोना से एक कनिष्ठ अभियंता की मौत हो चुकी है और 80 से अधिक कर्मचारी कोरोना संक्रमित हो चुके हैं।