एक तरफ केंद्र और दिल्ली सरकार कोरोना की जंग जीतने के लिए हर संभव कोशिश कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर लोग नियमों के पालन में गंभीर अवहेलना कर दूसरों की जान खतरे में डाल रहे हैं। इससे देश की राजधानी में ही कोरोना की लड़ाई हारने का खतरा उत्पन्न हो गया है।
शहादरा के डीसीपी दिनेश कुमार गुप्ता ने अमर उजाला को बताया कि पुलिस होम क्वारंटीन किए गये लोगों की नियमित चेकिंग करती रहती है। इससे उनके घर पर ही रहने की जानकारी भी मिलती रहती है, साथ ही अगर किसी व्यक्ति/परिवार को किसी सामान या सहायता की जरूरत पड़ती है तो उसके लिए मदद भी दी जाती है।
आज जब उनके जवान सभी लोगों की चेकिंग करने गये तो ज्यादातर लोग अपने-अपने घरों में पाए गये, लेकिन 11 लोगों के अपने घरों से गायब होने की जानकारी मिली। उन्होंने कहा कि इन लोगों के खिलाफ इंडियन पीनल कोड की धारा 188 और एपिडेमिक एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
यह पहला मामला नहीं है जब लोगों ने होम क्वारंटीन के नियमों का उल्लंघन किया है। इसके पहले शुक्रवार को भी दिल्ली के विभिन्न इलाकों से 33 लोगों ने होम क्वारंटीन नियमों का उल्लंघन किया था।
इसमें सबसे ज्यादा द्वारका जिले से 21 लोग अपने-अपने घरों से गायब मिले थे, जबकि दक्षिण जिले से आठ, उत्तरी जिले से दो, उत्तर पश्चिमी और उत्तरी जिले से एक-एक लोग अपने घरों पर नहीं मिले थे। बाद में इनमें से कुछ की गिरफ्तारी भी हुई थी।
डीसीपी दिनेश कुमार गुप्ता के मुताबिक दिल्ली पुलिस के जवान पूरी मुस्तैदी से अपनी ड्यूटी निभा रहे हैं। अपने कर्तव्य पालन में उन्हें किसी तरह की परेशानी अभी तक सामने नहीं आई है। स्थानीय लोगों से भी उन्हें सहयोग मिल रहा है।
उन्होंने बताया कि किसी भी होम क्वारंटीन किए गये व्यक्ति की जांच के लिए जाते समय उनके जवान अपनी सुरक्षा का पूरा ध्यान रखते हैं। सभी जवानों के पास फेस मास्क होता है जिनका उपयोग अनिवार्य किया गया है। इसके आलावा समय-समय पर अपना हाथ धुलना और सैनिटाइजर के इस्तेमाल को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
.........