कोरोनावायरस की आशंका के चलते चीन से दिल्ली लौटे अब तक 3600 लोगों की सैंपल जांच हो चुकी है। जबकि नई दिल्ली स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल (आरएमएल) में 38 संदिग्ध मरीजों को भर्ती किया जा चुका है। इनमें से चार संदिग्ध मरीज अभी भी भर्ती हैं, जिनकी रिपोर्ट आने का अस्पताल को इंतजार है।
चीन से वापस आने वालों के घर-घर जाकर दिल्ली स्वास्थ्य विभाग की टीमें जांच कर रही हैं। इसके लिए सभी जिलों निगरानी के लिए टीमें तैनात हैं। इनमें आशा और एएनएम के अलावा मेडिकल ऑफिसर शामिल हैं। हालांकि अभी तक एक भी पॉजीटिव केस सामने नहीं आया है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार विदेश मंत्रालय से सूची मिलने के बाद टीम चीन से वापस लौटने वाले व्यक्ति के घर पहुंचकर तमाम जानकारियां हासिल कर रही है। अगर कोई संदिग्ध मरीज मिल रहा है तो उसे तत्काल आरएमएल अस्पताल में भर्ती किया जा रहा है। इसके अलावा पहाड़गंज इत्यादि क्षेत्रों के होटलों में भी ठहरे लोगों की जांच भी की जा रही है।
आरएमएल अस्पताल प्रबंधन ने सोमवार को बताया कि तीन संदिग्ध मरीज उनके यहां 10 फरवरी को भर्ती हैं जिसमें एक 34 साल का संदिग्ध मरीज बीते नौ फरवरी को दिल्ली लौटा है। जबकि एक 39 वर्षीय मरीज बीते एक जनवरी को दिल्ली आया था। तीनों संदिग्ध मरीजों के सैंपल जांच के लिए भेज दिए हैं। फिलहाल इनकी रिपोर्ट आने का इंतजार है।