हवाई अड्डे पर इंतजार करते यात्री
- फोटो : PTI
विदेश यात्रा कर लौटने वाले लोगों को 14 दिनों तक अलग रखने के लिए दिल्ली सरकार ने हवाई अड्डे के पास तीन होटलों में व्यवस्था की है। इन तीन होटलों में 14 दिनों तक आइसोलेशन में रहने वाले मरीजों के लिए कोरेंटाइन होम की यह व्यवस्था नि:शुल्क नहीं होगी, बल्कि इनमें रहने के लिए विदेश यात्रा से आए लोगों को खुद ही पैसे देने होंगे।
कोरेंटाइन की व्यवस्था द आईबीआईएस की पहली और छठी मंजिल के 92 कमरों, द लेमन ट्री प्रीमियम की पांचवी मंजिल के 54 कमरों और रेड क्रॉस होटल की पांचवीं मंजिल के 36 कमरों में की गई है। जो भी यात्री कोरोना वायरस से प्रभावित देश की यात्रा से लौटे हों उन्हें 14 दिनों तक अलग-थलग रहना है।
नई दिल्ली की डीएम तनवी गर्ग के आदेश के मुताबिक पेड कोरेंटाइन की व्यवस्था लेने वालों को एक दिन होटल में ठहरने के लिए 3100 रुपये चुकाने होंगे। इस राशि में सुबह का नाश्ता, दोपहर और रात का खाना, दो बोतल पानी, चाय-कॉफी बनाने के सामान और वाईफाई की सुविधा उपलब्ध होगी।
डीएम के आदेशानुसार यात्रियों को होटल का किराया एडवांस में जमा करना होगा। होटलों को इनके कपड़ों की धुलाई की व्यवस्था भी अलग से करनी पड़ेगी। उन यात्रियों को खाना भी डिस्पोजेबल प्लेट में दिया जाएगा। होटल के जिन हिस्सों में इन यात्रियों के लिए कोरेंटाइन की व्यवस्था की गई है, उसकी निगरानी के लिए सुरक्षा गार्ड तैनात किए गए हैं, जो होटल में ठहरने आए बाकी लोगों को उस तरफ आने से रोकेंगे।
इसके अलावा सीसीटीवी कैमरों से लगातार मॉनिटरिंग भी की जाएगी। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि इसके अलावा रविवार से ऑटो और टैक्सी को भी डिसइंफैक्ट किया जा रहा है, ताकि वायरस के संक्रमण को रोका जा सके।