राजधानी में बृहस्पतिवार को कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 25 हजार के पार पहुंच गया। बीते 24 घंटे में 22 मरीजों की मौत हो गई जबकि 1359 नए पॉजिटिव केस मिले हैं। इसके अलावा विभिन्न अस्पतालों में भर्ती 356 मरीजों को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई।
दिल्ली स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक अब कुल संक्रमितों की संख्या 25004 हो गई है, जबकि 650 मरीजों की मौत हो चुकी है। हेल्थ बुलेटिन में बृहस्पतिवार को 44 मौतें बताई गई हैं। हालांकि, इनमें से 22 ही बीते 24 घंटे के हैं।
विभाग के अनुसार दिल्ली के कोविड अस्पतालों में 8386 बेड और 408 वेंटिलेटर उपलब्ध हैं। इनमें से अब तक 3306 बेड और 307 वेंटिलेटर भर चुके हैं। वहीं, कोविड हेल्थ सेंटर में 177 और कोविड केयर सेंटर में 987 मरीजों का इलाज चल रहा है। इनमें हेल्थ सेंटर में 285 और कोविड केयर
सेंटर में 5292 मरीजों को रखने की क्षमता है।
आंकड़ों की जुबानी...
कुल संक्रमित - 25004
कुल जांच-236506
मौत 650
ठीक हुए-9898
सक्रिय मामले-14456
सरकार ने दिए दिशा-निर्देश
इस बीच कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए दिल्ली सरकार ने निजी अस्पतालों में 20 प्रतिशत बेड को कोरोना मरीजों के लिए आरक्षित करने निर्देश दिया है। इसका उद्देश्य यह है कि अन्य रोगों के मरीजों को यदि कोरोना हो तो कोई भी अस्पताल उनके इलाज से इनकार न कर सके। अगर 20 प्रतिशत बेड सुरक्षित करने में लॉजिस्टिक दिक्कत होगी तो पूरे अस्पताल को कोरोना डेडिकेटेड अस्पताल घोषित कर दिया जाएगा। दिल्ली सरकार ने निजी अस्पतालों को एक दिन का समय दिया है।
दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने संयुक्त प्रेस कान्फ्रेंस में बताया कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का साफ कहना है कि सबकी जान बचाना सरकार की प्राथमिकता है। कोरोना के मामले बढ़ रहे हैं। इसलिए कोरोना डेडिकेटेड अस्पतालों की संख्या बढ़ाई जा रही है। पांच सरकारी व तीन प्राइवेट अस्पतालों को कोरोना आरक्षित बनाया गया है।