आला अधिकारी लगातार पुलिसवालों को व्यवहार में सुधार लाने के हिदायतें दे रहे हैं, मगर अमल करना तो दूर, पुलिसवाले मानवता की भी धज्जियां उड़ा रहे हैं। नाबालिग रेप पीड़िता की मानें तो विजयनगर में तैनात एक सिपाही उस पर संबंध बनाने का दबाव बना रहा है।
कह रहा है कि रेप के आरोपी के खिलाफ तभी कार्रवाई होगी, जब वह उससे संबंध बनाएगी। इस संबंध में उसने विजयनगर थाने में तहरीर दी है, जिस पर एसओ ने जांच बैठा दी है।
विजयनगर थाना क्षेत्र के एक व्यक्ति ने 26 मार्च को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि करीब चार माह पहले उसकी नाबालिग लड़की से पड़ोसी युवक ने रेप किया। साथ ही उसकी अश्लील क्लीपिंग भी बनाई। क्लीपिंग को सार्वजनिक करने की धमकी देकर वह लगातार उसका यौन शोषण करता आ रहा है।
रिपोर्ट में युवक की मां को भी आरोपी बनाया गया था। विजयनगर पुलिस मामले की जांच कर रही है, लेकिन अभी तक आरोपी गिरफ्तार नहीं किया गया है। आरोप है कि कार्रवाई की मांग को लेकर जब पीड़िता थाने गई तो एक सिपाही ने उससे शर्त रखी कि कार्रवाई करानी है तो उसके साथ संबंध बनाने पड़ेंगे।
पुलिस का यह रवैया देख पीड़िता और उसका परिवार सकते में है। उन्होंने एसओ से इसकी शिकायत की है। एसओ हरदयाल यादव ने बताया कि सिपाही पर लगे आरोप की जांच की जा रही है।