दिल्ली पुलिस ने पूर्व केंद्रीय मंत्री और राज्यसभा सांसद कुमारी सैलजा के सरकारी आवास में मृत मिले संजय की हत्या की गुत्थी सुलझाने का दावा किया है।
मामले में पुलिस ने कोठी में रहने वाले मधुबनी, बिहार निवासी कुक अनिल (28) को गिरफ्तार किया है। पुलिस मृतक संजय की पत्नी मंजू से पूछताछ कर रही है। पुलिस को मृतक की पत्नी पर भी हत्या की वारदात में शामिल होेने का संदेह है।
नई दिल्ली रेंज के संयुक्त पुलिस आयुक्त मुकेश मीणा ने बताया कि पूर्व केंद्रीय मंत्री की कोठी में शव पड़ा होने की सूचना 11 अगस्त को सुबह मिली थी। मृतक कुमारी सैलेजा की नौकरानी मंजू का पति संजय था और उसके सिर और चेहरे पर चोट के निशान थे।
पुलिस नौकरानी से भी कर रही है पूछताछ
हत्या का मामला दर्जकर तुगलक रोड थानाध्यक्ष प्रमोद जोशी की टीम ने तफ्तीश शुरू की। जांच के बाद पुलिस ने अनिल को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में अनिल ने बताया है कि उसने और संजय दोनों ने शराब पी रखी थी। संजय पत्नी को लेकर उस पर संदेह करता था।
इसको लेकर दोनों में झगड़ा हो गया। झगड़े के दौरान वह कोठी की छत पर चढ़ गया और वहां से संजय को नीचे फेंक दिया। सिर में चोट लगने से उसकी मौत हो गई। इससे पहले उसने संजय के सिर पर डंडे से वार किए थे।
संयुक्त पुलिस आयुक्त मुकेश मीणा का कहना है कि मृतक की पत्नी मंजू से पूछताछ की जा रही है। संदेह की एक वजह यह भी है कि कॉल डिटेल से पता चला है कि संजय की हत्या के बाद आरोपी और मंजू की बात हो रही है।
सबूत मिटाने की भी धारा लगाई
संयुक्त पुलिस आयुक्त से जब ये पूछा गया कि इस मामले में पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी सैलजा से पूछताछ की जा सकती है तो उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर किसी से भी पूछताछ की जा सकती है। पुलिस ने आरोपी अनिल को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया है।
संयुक्त पुलिस आयुक्त मुकेश मीणा ने बताया कि अनिल के खिलाफ सबूत मिटाने की भी धारा लगाई गई है। आरोपी ने ब्लड को धोकर सबूत मिटाने का प्रयास किया। इसके अलावा उसने और भी साक्ष्य नष्ट करने के प्रयास किए थे।
पीड़ित परिवार के बगल में रहता था अनिल
अनिल पीड़ित परिवार के बगल वाले कमरे में रहता था। संजय की पत्नी मंजू जब भी कमरे से जाती थी वह अनिल को ही चाबी देकर जाती थी। इसके अलावा संजय के बच्चों से भी अनिल दोस्ताना संबंध रखता था। पुलिस का कहना है कि अनिल संजय की हत्या करना चाहता था। पुलिस यह देख रही है कि कहीं साजिश के तहत अनिल ने संजय की हत्या तो नहीं की है।