दिल्ली का सत्ता संग्राम आखिरी दौर में है। बृहस्पतिवार शाम को चुनाव प्रचार खत्म हो जाएगा। जनता को लुभाने के साथ-साथ प्रत्याशी अपने प्रतिद्वंद्वी को पटखनी देने के लिए हर पैतरा अपना रहे हैं। पश्चिमी दिल्ली संसदीय सीट से भाजपा की कमलजीत सहरावत और इंडिया गठबंधन से महाबल मिश्रा आमने-सामने हैं। चुनावी व्यस्तता के बीच अमर उजाला संवाददाता नवनीत शरण और राकेश शर्मा ने दोनों प्रत्याशियों से उनकी सियासी रणनीति पर विस्तार से बात की। पेश हैं बातचीत के अंश....
वोटर आप को वोट क्यों दें।
प्रचार आज खत्म हो रहा है, चुनाव में खुद को कहां देखते हैं।
गठबंधन पूरी मजबूती के साथ सातों सीटों पर जीत हासिल करेगा। प्रचार के दौरान जनता का जो प्यार मिल रहा है, उससे साफ है कि केजरीवाल की गारंटी हर घर में है। कोई भी भाजपा के झूठे प्रचार में फंसने वाला नहीं। दिल्ली वाले मुख्यमंत्री को जेल में भेजने से गुस्सा हैं और इसका जवाब 25 मई को वोट से देंगे।
भाजपा ने पूरा जोर लगा रखा है। प्रधानमंत्री आपके क्षेत्र में थे। ये कितनी बड़ी चुनौती है।
देश की जनता को देने के लिए प्रधानमंत्री के पास कुछ भी नहीं है। वे केवल झूठे वादे करते है। आज युवा बेरोजगार है, महंगाई लगातार बढ़ रही है। जबकि प्रधानमंत्री ने अच्छे दिन लाने का दावा किया था। वह विकास की बात तो करते हैं, लेकिन जमीन पर कुछ नहीं। दस साल में उनके पास दिखाने के लिए कोई काम नहीं। यहीं कारण है कि वे मुद्दों से भटकाकर इधर-उधर की बात कर रहे हैं।
स्वाति मालीवाल को लेकर क्या कहेंगे। कांग्रेस के भी कई बड़े नेताओं ने हाथ छोड़ दिया।
मालीवाल के मामले को मैं नहीं जानता। रही बात कांग्रेस के बड़े नेताओं की तो राहुल गांधी ने उन्हें जवाब दे दिया है। यह संविधान को बचाने की लड़ाई है। हम सब मुख्यमंत्री केजरीवाल के साथ मिलकर देश को विकास की राह पर ले जाएंगे। यह कठिन काम है, इसमें चुनौतियां तो आती ही हैं।
आपके क्षेत्र की सबसे बड़ी समस्या क्या है। इसे कैसे दूर करेंगे।
लोकसभा क्षेत्र में पार्किंग, यातायात, रेलवे स्टेशन और विश्वविद्यालय कैंपस की बड़ी समस्या है। पार्किंग और यातायात की समस्या को दूर करने के लिए फ्लाइओवर और अंडरपास बनवाए जाएंगे। पूर्वांचल के तरफ जाने वाली ट्रेनों का विस्तार दिल्ली कैंट या विकल्प स्टेशन तक किया जाएगा, ताकि लोगों को नई दिल्ली या दूसरे स्टेशन पर न जाना पड़े। इसके अलावा अंतरराज्यीय बस टर्मिनल का भी विकास किया जाएगा। क्षेत्र में पानी की समस्या को दूर करने के लिए चारों तरफ बड़े तालाब बनाए जाएंगे, ताकि बारिश के पानी को जमा किया जा सकें।