गुड़गांव के मानेसर में शनिवार को दिनदहाड़े दो बदमाशों ने गन प्वाइंट पर ठेकेदार से साढ़े तीन लाख रुपये लूटकर फरार हो गए। मानेसर थाना पुलिस ने प्राथमिक जांच के आधार पर दो अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूट का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
महाराष्ट्र निवासी पंडरी (24) पिछले छह सालों से मानेसर स्थित औद्योगिक कंपनियों में मैन पावर देने का काम करता है। इसी साल उसने मानेसर बस स्टैंड पर हरिओम इंटरप्राइजेज मैनपावर नाम से ऑफिस खोली थी। पुलिस के मुताबिक, शनिवार को वह मानेसर स्थित एक्सिस बैंक की शाखा से 2 लाख 40 हजार रुपये निकालकर ऑफिस लेकर आया।
ऑफिस में दो युवक नौकरी के सिलसिले में बैठे हुए थे। युवक ने अपना काम शुरू ही किया था कि दो अन्य युवक उसके कैबिन में पहुंचे और गन प्वाइंट पर उससे सारा कैश छीनने के अलावा मोबाइल, पर्स छीनकर दुकान का शटर नीचा कर फरार हो गए।
वारदात के बाद किसी तरह तीनों लोगों ने शटर बजाकर आसपास के लोगों को सूचना दी। आसपास के दुकानदारों ने शटर ऊपर किया तो अंदर का माजरा देख हैरान रह गए। दिनदहाड़े बाजार में हुई लूट की वारदात से लोग इकट्ठा हो गए और पुलिस को सूचित किया। पुलिस जांच में आसपास सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे होने की बात भी सामने आई है। मामले की जांच कर रहे एएसआई सतपाल के मुताबिक इस मामले में कई संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा चुकी है। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर ली जाएगी।