एक अप्रैल से सभी बिजली उपभोक्ताओं के लिए बिजली पर सब्सिडी खत्म करने का ऐलान कर दिया गया है, लेकिन दिल्ली सरकार का ऊर्जा विभाग चाहता है कि आर्थिक रूप से कमजोर उपभोक्ताओं को सब्सिडी मिलती रहे।
विभाग का कहना है कि प्रति माह 200 यूनिट तक बिजली खर्च करने वालों को सब्सिडी दी जा सकती है, लेकिन चुनाव आचार संहिता की वजह से फिलहाल इस पर कोई फैसला नहीं लिया जा सकता।
ऊर्जा विभाग के एक अधिकारी का कहना है कि दिल्ली में अन्य जगहों से बिजली की कीमत कम है। ऐसे में सभी को सब्सिडी की जरूरत नहीं है, लेकिन दिल्ली के लाखों उपभोक्ता ऐसे हैं, जो काफी गरीब हैं, लिहाजा उनके लिए सब्सिडी दी जानी चाहिए और विभाग भी यही चाहता है।
गौरतलब है कि आम आदमी पार्टी की सरकार आने के बाद 400 यूनिट तक बिजली खर्च करने वाले उपभोक्ताओं को बिजली कीमत पर 50 फीसदी सब्सिडी देने के आदेश दिए गए थे, लेकिन अप्रैल से सब्सिडी की राशि के लिए व्यवस्था नहीं की गई, लिहाजा सभी उपभोक्ता अधिक बिजली कीमत चुकाने को मजबूर होंगे।