स्थानीय मुद्दों पर भाजपा ने दिल्ली सरकार को घेरना शुरू कर दिया है। इसके तहत नरेला-बवाना फ्लाईओवर निर्माण को लेकर बृहस्पतिवार को सांसदों के साथ भाजपा नेता सड़क पर उतर आए।
सांसद मनोज तिवारी, हंस राज हंस और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष विजेंद्र गुप्ता ने आरोप लगाया कि फ्लाईओवर निर्माण कार्य में दिल्ली सरकार रोड़ा अटका रही है।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा कि दिल्ली को प्रदूषण व जाम मुक्त करने के लिए बवाना नरेला स्थित भोरगढ़ औद्योगिक क्षेत्र के पास बनाए जा रहे फ्लाईओवर का काम दिल्ली सरकार ने रोक दिया है।
सरकार एक तरफ विकास का प्रचार कर रही है तो दूसरी ओर योजनाओं को रोक रही है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल जान बूझकर फ्लाईओवर के काम की अनुमति नहीं दे रहे हैं। जबकि डीडीए ने 31 एकड़ जमीन पेड़ लगाने के लिए देने की बात कही है।
उन्होंने कहा कि अपनी असफलताओं को छिपाने के लिए सरकार की ओर से मुफ्त योजनाओं की घोषणा की जा रही है। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि जल्द से जल्द फ्लाईओवर का काम शुरू करने की अनुमति नहीं दी गई तो भाजपा आंदोलन और तेज करेगी।
यह फ्लाईओवर बवाना-नरेला की लाइफ लाइन है। फ्लाईओवर बनने से यहां लोगों को घंटों जाम में नहीं फंसना पड़ेगा। सांसद हंसराज हंस ने कहा कि मुख्यमंत्री केजरीवाल फ्लाईओवर के निर्माण में बाधा बने हुए हैं। सरकार की रोक की वजह से बवाना नरेला में रह रहे लोगों का क्रोध अपने चरम पर है।