स्वाइन फ्लू का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। वैशाली के पुष्पांजलि क्रॉसले अस्पताल में मंगलवार को स्वाइन फ्लू से कांस्टेबल की पत्नी ने दम तोड़ दिया। कांस्टेबल मुजफ्फरनगर क्राइम ब्रांच में तैनात हैं।
जानकारी के अनुसार, मुजफ्फरनगर में तैनात कांस्टेबल अखिलेश कुमार की पत्नी अंशू पिछले कई दिनों से बुखार से पीड़ित थीं। उन्हें नोएडा के कैलाश अस्पताल में एडमिट कराया गया था। यहां जांच के बाद चिकित्सकों ने स्वाइन फ्लू की पुष्टि की।
इलाज के बावजूद लगातार हालत बिगड़ने पर 15 मार्च को अंशू को वैशाली के पुष्पांजलि अस्पताल रेफर किया गया था। यहां मंगलवार को उनकी मौत हो गई।
अस्पताल के एमडी डा. विनय अग्रवाल ने बताया कि महिला को जब अस्पताल में भर्ती किया गया था तभी से हालत काफी खराब थी। इसलिए उसे वेंटीलेटर पर रखा गया था। मंगलवार को अंशू की मौत हो गई। शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।
नहीं घट रही स्वाइन फ्लू के मरीजों की संख्या
दो दिन पहले हुई बारिश से आई तापमान में गिरावट के बाद स्वाइन फ्लू के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। टीएचए के अस्पतालों में अभी स्वाइन फ्लू के करीब दो दर्जन से अधिक मरीज एडमिट हैं। हालांकि प्रशासन इनकी संख्या स्पष्ट न होने की बात कह रहा है। मगर मरीजों की संख्या में इजाफा हो रहा है।