नोएडा के सेक्टर-18 स्थित रेडिसन ब्लू होटल में न्यू ईयर पार्टी के नाम पर ठगी के प्रयास का मामला सामने आया है। ठगों ने बाकायदा पर्चे छपवाकर उसमें मोबाइल नंबर दिए थे।
इस पर संपर्क कर या ऑनलाइन बुकिंग कर न्यू ईयर पार्टी के लिए आमंत्रित किया गया था। होटल प्रबंधन ने शिकायत थाने में दे दी गई। पुलिस मोबाइल नंबरों और इंटरनेट पर बुकिंग के लिए दिए नंबरों के आधार पर जांच कर रही है। पुलिस यह भी जानने का प्रयास कर रही है कि कोई व्यक्ति इस प्रकार की ठगी का शिकार तो नहीं हो गया।
जानकारी के मुताबिक, सेक्टर-18 स्थित रेडिसन होटल के प्रबंधक अरुण पवार ने थाना सेक्टर-20 में मामला दर्ज कराया है। शिकायत के अनुसार, उनके होटल में न्यू ईयर पार्टी के नाम पर अज्ञात लोगों ने इंटरनेट के माध्यम से विज्ञापन दिया था।
साथ ही जगह-जगह पर्चे छपवाकर भी न्यू ईयर पार्टी के टिकट बेचे जा रहे थे। पार्टी में आने वाले लोगों से एंट्री फीस के नाम पर आठ हजार, दस हजार, 14 हजार और एक लाख 25 हजार तक का टिकट रखा गया।
किसी ने इसकी पुष्टि के लिए होटल में कॉल की तो पता चला कि होटल में 31 दिसंबर की कोई पार्टी नहीं है। सूचना मिलने पर होटल प्रबंधन ने इसकी सूचना थाना सेक्टर-20 पुलिस को दी। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। होटल प्रबंधन का कहना है कि देर शाम तक इस तरह का कोई भी ग्राहक नहीं मिला, जिसके साथ ठगी की गई हो।
पुलिस के मुताबिक इंटरनेट और अन्य माध्यमों से लोगों से इस तरह की धोखाधड़ी का प्रयास किया जा रहा था। होटल प्रबंधन की सूचना पर शिकायत दर्ज की गई है। पुलिस मोबाइल नंबरों को ट्रेस कर आरोपियों को पकड़ने का प्रयास कर रही है।