फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कांग्रेस प्रवक्ता राजीव त्यागी पंचतत्व में विलीन, बड़े बेटे ईशान ने दी मुखाग्नि

Thu, 13 Aug 2020 10:25 PM IST
Vikas Kumar न्यूज डेस्क, अमर उजाला, गाजियाबाद
विज्ञापन
कांग्रेस प्रवक्ता राजीव त्यागी पंचतत्व में विलीन - फोटो : amar ujala
विज्ञापन

कांग्रेस प्रवक्ता राजीव त्यागी बृहस्पतिवार को पंचतत्व में विलीन हो गए। हिंडन मोक्ष स्थली पर बड़े बेटे ईशान ने उन्हें मुखाग्नि दी। विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं और सैकड़ों आम लोगों ने नम आंखों से राजीव त्यागी को अंतिम विदाई दी। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने पुष्प चक्र भेजकर श्रद्धांजलि दी।

विज्ञापन


कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता का बुधवार शाम करीब छह बजे उस वक्त निधन हो गया था, जब वह एक घर से ही एक न्यूज चैनल की डिबेट में हिस्सा ले रहे थे। राजीव त्यागी का पार्थिव शरीर अंतिम दर्शनों के लिए घर पर ही रखा गया था। बुधवार देर रात बड़े बेटे ईशान और राजीव के पिता वाईएस त्यागी के हरिद्वार से आने के बाद अन्य परिजनों व रिश्तेदारों का इंतजार हो रहा था। 

बृहस्पतिवार को बड़े बेटे ईशान ने पिता राजीव के माथे पर रोली से टीका लगाया। उनके बराबर में वाईएस त्यागी, मां संगीता त्यागी और अन्य परिजन खड़े थे। कांग्रेस और अन्य दलों के नेता वसुंधरा सेक्टर-16 स्थित राजीव के आवास पर पहुंचे। यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष बीएस श्रीनिवासन और राष्ट्रीय प्रवक्ता मनोज त्यागी ने सोनिया गांधी व राहुल गांधी द्वारा भेजे गए पुष्प चक्र पार्थिव शरीर पर अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। 
विज्ञापन


पार्टी प्रवक्ता रागिनी नायक ने भी पुष्प अर्पित कर नमन किया। कांग्रेस सेवादल की तरफ से पार्टी का झंडा ओढ़ाकर अंतिम सलामी दी गई। सुबह करीब 11:30 बजे उनका पार्थिव शरीर हिंडन मोक्ष स्थली पर अंतिम संस्कार के लिए ले जाया गया। उनके दोनों बेटों ईशान और धनंजय ने अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की। मुखाग्नि बड़े बेटे ईशान ने दी। 

दिल्ली कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अनिल चौधरी, महानगर की ईकाई में रहे त्रिलोक सिंह, आचार्य प्रमोद कृष्णम, पूर्व एमएलसी हरेंद्र अग्रवाल, पूर्व विधायक सुरेन्द्र कुमार मुन्नी, बसपा के पूर्व विधायक अमरपाल शर्मा, रालोद महासचिव त्रिलोक त्यागी, हरेंद्र राठी, पूर्व विधायक गजराज सिंह, अमरपाल शर्मा, बिजेंद्र यादव, डॉ.संजीव शर्मा, सलीम सैफी कांग्रेस के जिला अध्यक्ष विजेंद्र यादव प्रदेश महासचिव सतीश त्यागी रालोद के राष्ट्रीय प्रवक्ता इंद्रजीत सिंह टीटू रालोद के महानगर अध्यक्ष रविंद्र चौहान समेत विभिन्न दलों के नेता मौजूद रहे। राजीव के गुरु व हरिद्वार कनखल स्थित सिद्धेश्वर महादेव मंदिर के विनोद गिरि जी महाराज ने भी राजीव को नम आंखों से भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

ऐसी करनी कर चलो, हम हंसे जग रोये  
मूसलाधार बारिश होने की वजह से नेतागण और परिवार के लोग पूरी तरह भीग चुके थे। इसके बावजूद भी कोई भी व्यक्ति वहां से दूर नहीं जाना चाहता था। परिजनों ने राजीव के पार्थिव शरीर को बारिश से बचाने के लिए पॉलिथीन से ढक दिया। घर से कुछ दूरी तक पैदल ही लेकर चलने के बाद उनके पार्थिव शरीर को एक बस में रख दिया गया। उनके साथ परिजन और अन्य रिश्तेदार मौजूद रहे। इस शव वाहन पर कबीर का वह दोहा लिखा गया था जिसे राजीव बेहद पसंद करते थे कि कबीरा जब हम पैदा हुए, जग हंसे हम रोये, ऐसी करनी कर चलो, हम हंसे जग रोये। इन्हीं चंद लाइनों के साथ राजीव की अंतिम यात्रा में सभी की आंखें नम थीं।

प्रियंका गांधी ने संगीता त्यागी को चिट्ठी भेजकर जताई संवेदना 
कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने दिवंगत राजीव त्यागी की पत्नी संगीता त्यागी चिट्ठी भेजी। उन्होंने राजीव त्यागी को बेहतर इंसान बताते हुए निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। प्रियंका गांधी ने उन्हें आश्वासन दिया कि इस दुख की घड़ी में कांग्रेस पार्टी और वह खुद निजी तौर पर उनके साथ हैं। इससे पहले बुधवार देर शाम प्रियंका गांधी और राहुल गांधी ने अपने ट्विटर हैंडल माध्यम से राजीव त्यागी के असामयिक निधन पर गहरा दुख जताया था।

विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें