बिजली-पानी संकट पर दिल्ली प्रदेश कांग्रेस सड़कों पर उतर आई है। बुधवार को पार्टी विधायक जयकिशन सुल्तानपुरी में अनशन पर बैठे। वहीं, मुंडका में नरेश ने रोहतक रोड स्थित लोकेश सिनेमा के नजदीक प्रदर्शन किया।
इस मौके पर ऐलान किया गया कि बिजली-पानी सप्लाई सामान्य होने तक प्रदर्शन जारी रहेगा। प्रदर्शन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरविंदर सिंह, प्रवक्ता मुकेश शर्मा, पूर्व मंत्री मंगतराम सिंघल के साथ तमाम कार्यकर्ता शामिल हुए।
सुल्तानपुरी माजरा के विधायक जय किशन ने बिजली-पानी संकट के खिलाफ आमरण अनशन शुरू किया। दोपहर बाद अरविंद सिंह मौके पर पहुंचे और जयकिशन से अनशन तोड़ने की गुजारिश की।
साथ ही वादा किया कि कांग्रेस दिल्ली में बिजली-पानी के लिए इंसाफ की लड़ाई लड़ती रहेगी। इसके बाद उन्होंने जूस पिलाकर जयकिशन का अनशन तुड़वाया।
दूसरी तरफ मुंडका में कांग्रेसी नेता नरेश कुमार ने अन्य पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ रोहतक रोड स्थित लोकेश सिनेमा के पास धरना-प्रदर्शन किया।
लगभग एक घंटे के प्रदर्शन में कांग्रेसियों ने भाजपा व आम आदमी पार्टी को बिजली पानी संकट के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए उसने नारेबाजी की। गुस्साई भीड़ ने रोहतक रोड पर ट्रैफिक जाम किया। तीखी नोकझोंक के बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हटाया। इस मौके पर भाजपा का पुतला भी जलाया।
पार्टी प्रवक्ता मुकेश शर्मा ने बताया कि शिकायत दर्ज कराने के लिए शुरू मोबाइल एसएमएस व मेल सेवा पर पहले दिन मंगलवार को दो सौ से ज्यादा शिकायतें आईं। सारी समस्याएं बिजली व पानी से जुड़ी थीं। सभी शिकायतें उपराज्यपाल व दिल्ली के मुख्य सचिव के पास भेज दी गई हैं।
आज सज्जन कुमार करेंगे प्रदर्शन
बृहस्पतिवार को दक्षिणी दिल्ली के एमबी रोड स्थित खानपुर में कांग्रेस नेता सज्जन कुमार के नेतृत्व में प्रदर्शन होगा। इस दौरान केंद्रीय ऊर्जा मंत्री पीयूष गोयल का पुतला जलाया जाएगा। साथ ही प्रदर्शनकारी हाथ का पंखा लेकर प्रदर्शन करेंगे।