राजौरी गार्डन उपचुनाव में कांग्रेस बेशक हारी लेकिन हार में भी कांग्रेस नेता जीत देख रहे हैं। पिछले तीन चुनाव में सबसे अधिक 33.23 फीसदी वोट मिले जो 2015 के मुकाबले 21 फीसदी और 2013 के मुकाबले तीन फीसदी अधिक है। महज दो साल में इतना बड़ा वोट बैंक पार्टी में वापस लौटने को एमसीडी चुनाव के लिए कांग्रेस नेता शुभ संकेत मान रहे हैं।
कांग्रेस ने राजौरी गार्डन सीट पर 2008 से लेकर अभी तक हर बार चंदेला परिवार को चुनाव मैदान में उतारा है। यहां से 2008 का चुनाव दयानंद चंदेला ने 37.58 फसदी वोट लेकर शिरोमणि अकाली दल के प्रत्याशी अवतार सिंह हित को हराकर सीट जीती थी।
कांग्रेस ने 2013 में कुछ कानूनी कारण से दयानंद चंदेला को टिकट नहीं दिया लेकिन उनकी पत्नी धनवती चंदेला को उतारा। धनवती को इस चुनाव में 30 फीसदी (30713) वोट मिले लेकिन शिरोमणि अकाली दल प्रत्याशी मनजिंदर सिंह सिरसा 41 फीसदी वोट लेकर चुनाव जीत गए, आप प्रत्याशी को 16.7 फीसदी वोट मिले।