अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। प्रदेश कांग्रेस ने सोमवार को पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित की सातवीं पुण्यतिथि पर राजीव भवन में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की। प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके नेतृत्व में हुए दिल्ली के विकास को याद किया।
देवेंद्र यादव ने कहा कि शीला दीक्षित के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार ने 15 वर्षों में दिल्ली को मजबूत बुनियादी ढांचा, बेहतर परिवहन, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण व मेट्रो विस्तार दिया था। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 10 वर्षों में आम आदमी पार्टी व पिछले डेढ़ वर्ष से भाजपा सरकार ने उस विकास मॉडल को कमजोर किया है। झुग्गी-झोपड़ियों व अनधिकृत कॉलोनियों में रहने वालों के खिलाफ कार्रवाई से भय का माहौल बनाया जा रहा है।
यादव ने दावा किया कि दिल्ली की जनता दोनों दलों से निराश होकर फिर कांग्रेस से उम्मीद कर रही है। श्रद्धांजलि सभा में पूर्व सांसद संदीप दीक्षित, पूर्व मंत्री डॉ. नरेंद्र नाथ, अनिल भारद्वाज, डॉ. पीके मिश्रा, धर्मपाल चंदेला, प्रमोद जयंत, सतबीर शर्मा सहित कई नेता-कार्यकर्ता मौजूद थे।