कांग्रेसी नेता पीतांबर शर्मा के बेटे वैभव शर्मा (30) की बृहस्पतिवार को सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर शाम छह बजे सेक्टर-126 के सामने सड़क पार करते समय एक कार ने उसे टक्कर मार दी। गंभीर हालत होने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां देर रात दम तोड़ दिया।
बड़े भाई कपिल गौड़ की शिकायत पर थाना सेक्टर-39 पुलिस ने स्विफ्ट कार (डीएल 2सी एएफ 1628) के अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस कार नंबर के आधार पर चालक तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
पीतांबर शर्मा ने बताया कि उनका छोटा बेटा गुरुग्राम की एक कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर था। वह प्रतिदिन चिटेहरा दादरी स्थित अपने घर से बस के जरिये नोएडा जाता था और फिर वहां से मेट्रो से गुरुग्राम। वैभव की कंपनी का एक ऑफिस नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर सेक्टर-126 में भी है। बृहस्पतिवार को वैभव किसी काम से कुछ देर के लिए नोएडा ऑफिस गया था।
वहां से लौटते वक्त एक्सप्रेसवे पार कर उसे ग्रेटर नोएडा के लिए बस पकड़नी थी। एक्सप्रेसवे पार करते समय ही कार ने उसे टक्कर मार दी। दो लोगों को घायल वैभव की जेब से कंपनी का पहचान पत्र मिला और किसी तरह चचेरे भाई का फोन नंबर तलाशकर उन्हें सूचना दी। साथ ही वैभव को जेपी अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल में रात आठ बजे से 11 बजे तक उसका ऑपरेशन चला। रात करीब पौने एक बजे वैभव ने दम तोड़ दिया।