दिल्ली कांग्रेस जीत के मंत्र में युवाओं को आगे रखकर चल रही है। टिकट में युवाओं की बड़ी भागीदारी के बाद अब घोषणा पत्र में युवाओं को खास जगह देने की तैयारी है। दक्षिण एमसीडी में नेता प्रतिपक्ष फरहाद सूरी की अध्यक्षता में तैयार किए जा रहे घोषणा पत्र में युवाओं का पहली बार अलग सेक्शन दिया जा रहा है।
इसके साथ ही अनाधिकृत कॉलोनी, पुनर्वास कालोनी व झुग्गी बस्ती के लिए अलग से वादे होंगे। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय माकन का कहना है कि इसी हफ्ते कांग्रेस एमसीडी चुनाव के लिए अपना घोषणापत्र जारी करेगी।
एमसीडी चुनाव में मतदान करने वालों में 54 फीसदी मतदाताओं की उम्र 18-39 साल के बीच है। ऐसे में कांग्रेस युवाओं को किसी भी सूरत में फिसलने नहीं देना चाहती।
यही वजह है कि जहां टिकट देने में युवा वर्ग को प्राथमिकता दी है, वहीं प्रचार में सोशल मीडिया को खूब इस्तेमाल कर रहे हैं। प्रत्याशियों को भी कहा गया है कि युवाओं से जुड़े समूह, खेल या उनके कार्यक्रमों में ज्यादा से ज्यादा जुड़ें।