आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल का एक बयान उन्हें मुश्किल में डाल सकता है। उन्होंने रविवार को अपनी एक चुनावी रैली में जनता को कहा था कि अगर भाजपा और कांग्रेस पैसा देती है तो ले लो, पर वोट हमें ही दो।
केजरीवाल के इसी बयान को लेकर सोमवार को दिल्ली कांग्रेस ने चुनाव आयोग में शिकायत दर्ज कराई है। अजय माकन ने एक प्रेस कांफ्रेंस में ये बात बताई कि पार्टी ने केजरीवाल के खिलाफ वोटरों को उकसाने के लिए शिकायत दर्ज कराई है।
माकन ने कहा कि आम आदमी पार्टी इस तरह के बयान देकर लोगों को घूस लेने के लिए प्रेरित कर रही है। वहीं इस बयान पर सफाई देते हुए मनीष सिसोदिया ने कहा कि पार्टी ये नहीं कह रही कि लोग पैसे लें और उनको वोट दें। बल्कि उसका ये कहना है किसी भी तरह की बहस को खत्म करने के लिए लोग पैसे ले लें।
कांग्रेस लाई केजरीवाल के झूठ की किताब
आप संयोजक केजरीवाल के बयान पर दिल्ली बीजेपी के नेता विजय गोयल न कहा कि अरविंद केजरीवाल ने जनता का अपमान किया है। विजय गोयल ने कहा कि केजरीवाल के इस तरह के बयान का मतलब है कि लोग केवल पैसों और शराब के लिए वोट देते हैं।
इसी प्रेस कांफ्रेंस में कांग्रेस ने केजरीवाल की 49 दिन की सरकार में क्या-क्या हुआ इसको लेकर एक किताब भी लॉन्च की। इस किताब का नाम '49 दिन की टेढ़ी चाल दिल्ली बेहाल, यू-टर्न केजरीवाल'।
माकन ने बताया कि इस किताब के माध्यम से कांग्रेस ने केजरीवाल के झूठ को जनता के सामने लाने की कोशिश की है। किस तरह से केजरीवाल ने यू-टर्न लेते हुए राजधानी की जनता को छला है, वह सब इस किताब में बताया गया है।
बीजेपी-कांग्रेस से पैसे लो, वोट हमें दो
नई दिल्ली विधानसभा चुनाव प्रचार के बीच आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने जनता से यह कहकर हंगामा खड़ा कर दिया है कि 'आप भाजपा और कांग्रेस से पैसा ले लें, पर वोट आम आदमी पार्टी को ही दें।' हालांकि आप नेता आतिशी मर्लिना इसे आप नेता का व्यंग मात्र बता रही हैं।
केजरीवाल ने उत्तम नगर में चुनाव रैली के दौरान कहा, "चुनाव प्रचार के दौरान भाजपा और कांग्रेस ये दोनों पार्टियां आपके पास आएंगी और आपको पैसा देने की कोशिश करेंगी, लेकिन ऐसे में आप उन दोनों पार्टियों से पैसा तो ले लें लेकिन आप अपना वोट आम आदमी पार्टी को ही दें।"
केजरीवाल को मिला चुनाव आयोग का नोटिस
राजधानी के मतदाताओं को राष्ट्रीय पार्टियों को धोखा देने की सीख देते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दोनों ही पार्टियों ने देश को लूटा है, इसलिए मैं जनता से अपील करता हूं कि वो उनके द्वारा दिए जाने वाले पैसे को अवश्य ले लें।
गौरतलब है कि हाल ही में आप नेता चुनाव आयोग की फटकार सुन चुके हैं। चुनाव आयोग ने अरविंद केजरीवाल को चुनाव आचार संहिता के कथित उल्लंघन के लिए कारण बताओ नोटिस जारी किया है। आपको बता दें कि केजरीवाल ने भाजपा पर दिल्ली में सांप्रदायिक हिंसा भड़काने का आरोप लगाया था।