दिल्ली सचिवालय के सामने प्रदर्शनकारी अतिथि शिक्षकों की मांग को प्रदेश कांग्रेस ने जायज ठहराया है। पार्टी ने चेतावनी दी है कि अगर सरकार उनकी मांगों को पूरा नहीं करती है तो कार्यकर्ता अतिथि शिक्षकों के समर्थन में आंदोलन करेंगे।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली और पूर्व विधायक मुकेश शर्मा ने कहा है कि जिन 18 मुद्दों पर कांग्रेस ने आम आदमी पार्टी की सरकार को समर्थन दिया है।
उनमें दिल्ली के सभी कार्यरत शिक्षकों को स्थाई करना और अनुबंध पर काम करने वाले कर्मचारियों को भी स्थाई करना शामिल है। दोनों नेताओं ने अस्थाई शिक्षकों के साथ वादाखिलाफी का आरोप भी लगाया।
उल्लेखनीय है कि बृहस्पतिवार से ही स्थायी करने की मांग को लेकर सचिवालय के सामने अतिथि शिक्षक धरने पर बैठे हुए हैं। मंगलवार को प्रदर्शन कर रहे शिक्षकों से कांग्रेसी नेता ने मुलाकात की। कांग्रेसी नेता जगप्रवेश कुमार करीब दो घंटे तक धरने में शामिल रहे।