लोकसभा चुनाव 2014 में फरीदाबाद सीट पर कांग्रेस को अपने वोट बैंक का इतिहास बनाए रखना पार्टी के लिए बड़ी चुनौती होगी। लगातार दल बदल रहे पदाधिकारियों व विधायकों की गुटबाजी से पार पाने के लिए कांग्रेस हाईकमान को सख्त रुख अपनाना होगा।
सांसद अवतार भड़ाना इस बार टिकट पाने में कामयाब हो गए हैं लेकिन यह तय है कि उनकी खिलाफत उसके घर में ही होगी। कांग्रेस के कई मजबूत पदाधिकारियों का पार्टी छोड़ना प्रत्याशी को भारी पड़ सकता है। वैसे राजनैतिक पंड़ित इस बार भी कांग्रेस के मुख्य मुकाबले में होने की बात कह रहे हैं।
फरीदाबाद शहर के वोटर पहले गुड़गांव लोकसभा सीट से जुड़े हुए थे। वर्ष 1977 में फरीदाबाद लोकसभा सीट बनी। वर्ष 1951 से लेकर अब तक हुए चुनावों में 15 में से 10 बार कांग्रेस के पंजे ने यहां पर परचम फहराया है। प्रसिद्ध स्वतंत्रता सेनानी, देश के प्रथम शिक्षा मंत्री मौलाना अबुल कलाम आजाद भी वर्ष 1957 का चुनाव कांग्रेस की टिकट पर लड़कर इस सीट की सबसे बड़ी जीत दर्ज कर चुके हैं।
इसके अलावा चार बार दूसरा व एक बार तीसरा स्थान कांग्रेस के उम्मीदवारों का यहां रहा है। दूसरे व तीसरे स्थान पर कांग्रेस उम्मीदवार के रहने के बावजूद पार्टी हित की खास बात यह रही कि वर्ष 1977 व 1996, 1998 को छोड़कर किसी भी चुनाव में मत प्रतिशत में कोई खास अंतर नहीं आया।
वर्ष 1977 में कांग्रेस टूटने पर मात्र 13.91 प्रतिशत व 1998 में अटल बिहारी वाजपेयी की लहर व कांग्रेस की गुटबाजी के कारण पार्टी को मात्र 32.10 प्रतिशत वोट पर संतोष करना पड़ा था। इस बार इस सीट पर कांग्रेस की भयंकर गुटबाजी देखने को मिल रही है।
खुद सांसद अवतार सिंह भड़ाना का भतीजा अमित भड़ाना पार्टी छोड़कर भाजपा में चला गया है। धर्मवीर भड़ाना, जिले सिंह, सतीश फागना एवं तिलकराज शर्मा जैसे नेता दूसरी पार्टियों में चले गए।
कहा जा रहा है आपसी सिर फुटव्वल एवं मोदी की हवा से कांग्रेस के वोट प्रतिशत का ग्राफ नीचे आ सकता है। ऐसे में अपना इतिहास बनाए रखने के लिए बिगडै़ल कार्यकर्ताओं को लगाम कसनी ही होगी। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बीआर ओझा का कहना है कि यह कांग्रेस है, जो हमेशा चौंकाने वाला परिणाम देती है।
फरीदाबाद लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस का अब तक रहा वोट प्रतिशत वर्ष वोट प्रतिशत परिणाम 1951 44.96 विजयी 1957 66.68 विजयी 1962 37.15 विजयी 1967 25.28 दूसरा स्थान 1971 51.48 विजयी 1977 13.91 तीसरा स्थान 1980 34.4 विजयी 1984 54.01 विजयी 1989 57.81 विजयी 1991 38.84 विजयी 1996 28.23 दूसरा स्थान 1998 32.1 दूसरा स्थान 1999 44.75 दूसरा स्थान 2004 42.3 विजयी 2009 41.26 विजयी वर्ष 1977 में फरीदाबाद लोकसभा सीट बनी, उससे पहले यह क्षेत्र गुड़गांव में रहा।