अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता डॉ. नरेश कुमार ने राजधानी की जर्जर सड़कों और गड्ढों को लेकर दिल्ली सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हजारों करोड़ रुपये खर्च होने के बावजूद लोगों को सुरक्षित और गड्ढा-मुक्त सड़कें नहीं मिल रहीं।
डॉ. नरेश ने पीडब्ल्यूडी की सभी सड़कों का स्वतंत्र तकनीकी ऑडिट कर रिपोर्ट सार्वजनिक करने तथा लापरवाह अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की। डॉ. कुमार ने कहा कि 24 जून को पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा ने 3,400 से अधिक गड्ढे भरने का दावा किया था, लेकिन जमीनी स्थिति इससे अलग है। उन्होंने नजफगढ़-मित्राऊ मार्ग पर बड़ी संख्या में गड्ढों का हवाला देते हुए कहा कि इससे रोजाना दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है। उन्होंने सरकार के पिछले सड़क मरम्मत संबंधी दावों पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि भारी बजट खर्च होने के बावजूद करीब 1,400 किलोमीटर पीडब्ल्यूडी सड़कें और पुल बदहाल हैं, जिससे खासकर दोपहिया चालकों और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है।