फोटो:कंप्यूटर ऑपरेटर जुबेर।
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजपुर झिरका। एसडीएम कार्यालय से जुड़े रिश्वतखोरी मामले में गिरफ्तार अनुबंधित कंप्यूटर ऑपरेटर जुबेर अहमद को गिरफ्तारी के 17 दिन बाद भी जिला प्रशासन ने नौकरी से बर्खास्त नहीं किया। जुबेर को एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने 31 जुलाई 2026 को रिश्वत से जुड़े एक मामले में गिरफ्तार किया था। नगीना खंड के गांव करहेड़ा के सरपंच रामपाल ने आरोप लगाया था कि उनकी आठवीं की मार्कशीट की जांच फिरोजपुर झिरका एसडीएम कार्यालय में चल रही थी। जांच उनके पक्ष में करवाने की एवज में कंप्यूटर ऑपरेटर ने करीब सात लाख रिश्वत मांगी थी। इसी मामले में करीब 18 महीने पहले तीन अन्य लोगों की गिरफ्तारियां भी हो चुकी हैं।
सीटीएम अप्रतिम सिंह ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है। विभागीय कार्रवाई जारी है। जल्द ही बर्खास्त की कार्रवाई भी की जाएगी। जिले में किसी भी भ्रष्ट अधिकारी को अपने पद पर रहने का कोई अधिकार नहीं है।