सीएम दरबार तक पहुंचा ग़ाज़ियाबाद के हुक्का बारों का मुद्दा। फेडरेशन ऑफ अपार्टमेंट ओनर असोसिएशन के अध्यक्ष आलोक कुमार ने सीएम अखिलेश से ग़ाज़ियाबाद को उड़ता पंजाब बनाने से रोकने की लगायी गुहार।
हुक्का बार के नाम पर नाबालिग बच्चों को अपना शिकार बनाने वाले रैकेट का भंडाफोड़ होने के बाद से ये मामला तूल पकड़ता जा रहा है। फेडरेशन ऑफ अपार्टमेंट ओनर असोसिएशन के अध्यक्ष आलोक कुमार ने आज इस मामले पर उत्तर प्रदेश के सीएम अखिलेश यादव के की।
उन्होंने सीएम से शिकायत की है कि हुक्का बार के नाम पर बच्चों को नशे का शिकार बनने से रोकना जरूरी है ताकि गाजियाबाद को उड़ता पंजाब बनने से रोका जा सके।
बता दें कि विजयनगर के बाद मंगलवार को पॉश इलाके राजनगर में हुक्का बार पकड़ा गया। पुलिस ने बार के मालिक समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया। इनके पास से सिगरेट, तंबाकू उत्पाद, हुक्के और नशीले केमिकल मिले।
खास बात यह भी है कि जब सुबह के साढे़ नौ बजे पुलिस बार पर पहुंची तो वहां स्कूली बच्चे हुक्का गुड़गुड़ा रहे थे। पुलिस को देखकर बच्चे भाग निकले। यह बार पिछले एक साल से चल रहा था।
पकड़े गए आरोपियों में हुक्का बार का मालिक अनुराग सिन्हा निवासी पंचशील सोसायटी हापुड़ रोड, दीपक, शिवम और रवि निवासी शास्त्री नगर गाजियाबाद हैं। चारों आरोपी आरडीसी डी-15 में प्लानेट क्लोजेल के नाम से एक हुक्का बार चला रहे थे।
इनके खिलाफ सीबीसीआईडी के इंस्पेक्टर ने कविनगर थाने में मंगलवार सुबह तहरीर दी। कविनगर एसएचओ अशोक शिशौदिया ने बताया कि इंस्पेक्टर ने तहरीर देते वक्त बताया कि उनका बेटा एक स्कूल में दसवीं का छात्र है।