मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को व्यापारियों के लिए डी-वैट एमसेवा ऐप लांच किया। वैट रजिस्ट्रेशन, डीएस-2 फॉर्म भरने, कार्यालय का पता बदलने समेत अन्य सुविधाएं 24 घंटे व्यापारियों को ऐप पर मिलेंगी।
केजरीवाल ने दिल्ली सचिवालय में आयोजित कार्यक्रम में कहा कि इस ऐप से इंस्पेक्टर राज और भ्रष्टाचार खत्म होगा। 24 घंटे आवेदन की सुविधा होगी, तो दूसरी तरफ एक ही पते पर चलने वाली कई फर्जी कंपनियों का धंधा भी बंद होगा।
मोबाइल पर कुछ अन्य सेवाएं भी शुरू होंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि वैट पंजीकरण की 41 हजार अर्जियां लंबित हैं, क्योंकि उसमें कार्यालय के पते का निरीक्षण इंस्पेक्टर की तरफ से किए जाने की अनिवार्यता है। जो कई बार जांच करने की बजाय ले देकर भी सब कुछ कर देता है।
अब मानव संपर्क खत्म करने और एमसेवा ऐप से ऐसी दिक्कत नहीं रहेगी। पता और फोटो डालने से इलेक्ट्रॉनिक लोकेशन ऐप में आ जाएगी। दूसरे विभागों के डाटा के साथ इंटीग्रेशन भी होगा। ऐप शुरू होने से व्यापारी खुद रजिस्टर हो सकेगा।