दिल्ली-मथुरा ईएमयू में सीट के विवाद में ईद से चार दिन पहले हुए जुनैद खान की हत्या हो गई थी। बुधवार को भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) ने पीड़ित परिवार को 10 लाख रुपये की आर्थिक मदद दी।
बुधवार को खंदावली गांव पहुंचीं माकपा पोलित ब्यूरो सदस्य, पूर्व राज्यसभा सदस्य कामरेड वृंदा करात और हरियाणा राज्य कमेटी के सचिव कामरेड सुरेंद्र मलिक ने जुनैद के पिता जलालुद्दीन और मां सायरा को पांच पांच लाख रुपये की आर्थिक मदद दी। यह धनराशि केरल की जनता से चंदा कर इकट्ठा की गई है।
वृंदा करात ने बताया कि केरल के मुख्यमंत्री पिनारई विजयन जुलाई के अंतिम सप्ताह पार्टी की केंद्र्रीय कमेटी की बैठक में भाग लेने दिल्ली आए थे। 25 जुलाई को जुनैद के परिजन सीएम विजयन से मिले थे।
सीएम ने घटना की निंदा करते हुए पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता दिए जाने का आश्वासन दिया था। लौटने के बाद सीएम ने केरल की राज्य कमेटी से बात कर जनता से आर्थिक मदद की अपील की थी।