मंगोलपुरी की 17 वर्षीय किशोरी से जयपुर स्थित एक होटल में गैंगरेप के मामले में अभी तक की जांच में पुलिस को आशंका है कि इस घटना में देह व्यापार और एमएमएस बनाने वाले गिरोह के लोग शामिल हैं।
पुलिस इस मामले में एक युवती समेत दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। साथ ही पुलिस ने जयपुर के होटल मालिक को भी पूछताछ के लिए तलब किया है।
पुलिस इस मामले में मंगोलपुरी के रहने वाले एक दंपति और होटल मैनेजर समेत छह लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक मंगोलपुरी के रहने वाले रॉकी की जयपुर स्थित होटल के मैनेजर मुकेश से जान-पहचान है।
इंटरव्यू के बहाने 27 लोगों ने किया गैंग रेप
रॉकी अपनी पत्नी के साथ किशोरी को नौकरी दिलाने का झांसा देकर उसे 29 अगस्त को जयपुर ले गया। रॉकी ने किशोरी को होटल इंद्रप्रस्थ के कमरा नंबर 406 में रखा।
जहां इंटरव्यू के बहाने उसके साथ 27 लोगों ने गैंग रेप किया। बताया यह जा रहा है कि किशोरी के कमरे में लोगों को आता-जाता देख मैनेजर और उसके तीन कर्मचारियों ने भी उसके साथ रेप किया।
किशोरी की शिकायत के बाद दिल्ली पुलिस ने होटल पर छापा मारा और मैनेजर व उसके तीन कर्मचारियों कमल, अर्जुन और अनिल को गिरफ्तार कर लिया।
दंपत्ति देह व्यापार में दलाली का काम करते हैं
साथ ही पुलिस ने किशोरी को जयपुर ले जाने वाले दंपति को भी गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए लोगों से पूछताछ के बाद अब पुलिस इस मामले में शामिल अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए जयपुर में दबिश दे रही है।
पुलिस ने एक युवती समेत दो लोगों को हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है कि दोनों देह व्यापार में दलाली का काम करते हैं।
हालांकि पुलिस के आधिकारिक सूत्रों का कहना है कि इस मामले में गिरफ्तार मंगोलपुरी के दंपति ने पहली बार इस तरह की वारदात को अंजाम दिया था।
आरोपी कमरे में आते थे और रेप करते थे
किशोरी ने अपनी शिकायत में बताया है कि उसके कमरे में आने वाले सभी आरोपी उसका इंटरव्यू करने के बहाने कमरे में आते थे और रेप कर बाहर निकल जाते थे।
उसने पुलिस को बताया है कि रेप करने के बाद सभी आरोपी उसके कमरे का बाहर से कुंडी लगाकर चले जाते थे। दिल्ली पुलिस सूत्रों ने बताया कि किशोरी ने अब तक दस लोगों की पहचान की है।
हालांकि पीड़िता का कहना है कि उसके साथ 27 लोगों ने रेप किया है। पुलिस नामजद लोगों की धरपकड़ करने के बाद उन आरोपियों की भी पहचान करेगी और उसकी गिरफ्तारी का प्रयास करेगी।
सभी कमरों के गेट में है छेद
पुलिस सूत्रों ने बताया कि जांच में पता चला है कि जिस होटल में किशोरी को ठहराया गया था, उस होटल पर राजस्थान पुलिस तीन माह पूर्व छापा मार चुकी है।
पुलिस को इस होटल में देहव्यापार किए जाने की जानकारी मिली थी। दिल्ली पुलिस के साथ-साथ राजस्थान पुलिस भी मामले की जांच में शामिल हो गई है और पुलिस की संयुक्त टीम इस मामले के आरोपियों की तलाश में जुटी है।
पुलिस ने बताया कि जयपुर स्थित होटल के सभी कमरों के गेट में छेद पाया गया है। आशंका है कि इस छेद के जरिए कैमरे से एमएमएस तैयार किया जाता था। हालांकि इन छेद को देखने से लगता है कि गेट से कुंडी को निकाला गया है। फिलहाल पुलिस होटल मालिक को तलब कर सभी बातों की जानकारी हासिल करेगी।