अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। राउज एवेन्यू स्थित विशेष सीबीआई न्यायाधीश की अदालत ने 50 लाख रुपये के रिश्वतखोरी मामले में गिरफ्तार कर्नल हिमांशु बाली को 25 मई तक पांच दिन की सीबीआई हिरासत में भेज दिया। सीबीआई ने बाली को अदालत में पेश कर पूछताछ के लिए रिमांड मांगा था, जिसे विशेष सीबीआई न्यायाधीश स्मिता गर्ग ने स्वीकार कर लिया। एजेंसी ने अदालत को बताया कि मामले की जांच के लिए आरोपी से पूछताछ आवश्यक है।
कर्नल हिमांशु बाली उस समय आर्मी आर्डनेंस कार्प्स में पूर्वी कमान के अंतर्गत फोर्ट विलियम, कोलकाता में तैनात थे। सीबीआई के अनुसार, उन्होंने रक्षा आपूर्ति से संबंधित निविदाओं और बिलों में जानबूझकर अनियमितताएं करने के बदले रिश्वत ली। एजेंसी का आरोप है कि कर्नल बाली टेंडर आवंटन में हेरफेर, बढ़े हुए या लंबित बिलों को मंजूरी देने और घटिया गुणवत्ता वाली सामग्री को पास करने जैसे भ्रष्टाचार में शामिल थे।