सर्दी की छुट्टी खत्म होने के बाद उच्चतर शिक्षा विभाग नए सत्र की तैयारियों में जुट गया है। इस सत्र में ऑनलाइन आवेदन में हुई खामियां को दूर करने के लिए विभाग ने प्रदेश के तमाम राजकीय कॉलेजों के प्रिंसिपल से राय मांगी है।
सभी प्रिंसिपलों की राय पर दस जनवरी को उच्चतर शिक्षा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव के साथ होने वाली बैठक में ऑनलाइन दाखिले प्रक्रिया को दुरुस्त करने का खाका खींचा जाएगा।
दरअसल, इस सत्र में उच्चतर शिक्षा विभाग ने ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू की थी, लेकिन यह छात्रों और कॉलेजों के लिए सिर दर्द बन गया था।
ऑनलाइन आवेदन के बाद फीस कॉलेज में ही आकर कटानी पड़ती थी। कॉलेजों के नाम स्पष्ट नहीं होने की वजह से गर्ल्स कॉलेज में लड़कों ने दूसरे जिलों से आवेदन कर दिए थे, जिससे अंतिम तारीख निकलने के बाद कई छात्रों के दाखिले नहीं हुए थे।
बहरहाल, इन्हीं समस्याओं को देखते हुए उच्च शिक्षा विभाग अभी से खामियों को दुरुस्त करने में जुट गया है। इस साल के अनुभव के आधार पर सभी कॉलेज प्रिंसिपलों से राय ली जा रही है। जिसके बाद ऑनलाइन दाखिले के लिए कमेटी बनाकर इसे दुरुस्त की जाएगी।
इसके लिए चंडीगढ़ के एक निजी कंपनी की मदद ली जाएगी। जो कॉलेज प्रिंसिपलों और शिक्षकों को ऑनलाइन दाखिले से लेकर कटऑफ प्रक्रिया जारी करने की ट्रेनिंग दी जाएगी।
इन खामियों को दूर किया जाएगा
कॉलेजों के नाम दुरुस्त होंगे। गर्ल्स और को-एजूकेशन के बारे में दी जाएगी जानकारी
कॉलेजों में मौजूद सब्जेक्ट कॉम्बिनेशन के बारे में दी जाएगी
ऑनलाइन फीस जमा करने के लिए बैंक का होगा लिंक
आवेदन के साथ वेटेज कर तय किया जाएगा कटऑफ
कटऑफ ऑनलाइन होगा जारी
विभाग ने ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पर राय मांगी है। इसके बाद इस सत्र में हुई खामियों को दूर करने के लिए कदम उठाया जाएगा।
ज्ञानेंद्र सिंह, प्रिंसिपल, गर्वमेंट गर्ल्स कॉलेज