फरीदाबाद में बीके अस्पताल प्रबंधन आचार संहिता की धज्जियां उड़ा रहा है। मंगलवार से अस्पताल की डिस्पेंसरी में दवाओं का वितरण मुख्यमंत्री मुफ्त इलाज योजना लिखे पाउच से किया जा रहा है।
हैरानी की बात है कि अस्पताल प्रबंधन इस बात से भली भांति परिचित है कि आचार सहिंता लगने के बाद ऐसी किसी भी वस्तु का इस्तेमाल नहीं किया जा सकता जिससे वर्तमान सरकार का प्रचार हो। फिर भी ऐसा हो रहा है।
पढ़ें: 'जिसे कोई नहीं पूछता, वो भी खा गए कांग्रेसी'
पाउच के ऊपर लाल रंग से लिखा है- मुख्यमंत्री मुफ्त इलाज योजना सेहत हर परिवार की, साझेदारी आपकी सरकार की और नीचे नीले रंग से स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग, हरियाणा अंकित है।
ज्ञात हो कि जिले में मुख्यमंत्री मुफ्त इलाज योजना जनवरी में शुरू की गई थी। इसके साथ ही इस योजना को प्रदेश के अन्य जिलों में भी शुरू कर दिया गया था। योजना के तहत हरियाणा वासियों को शहर के सरकारी अस्पतालों में मुफ्त इलाज, आपरेशन, जांचें, दवाएं देने की व्यवस्था की गई।
तब से लेकर अभी तक योजना के प्रचार प्रसार के लिए किसी तरह का काम नहीं किया गया। लेकिन अब चुनावों के पास आते ही ऐसा किया जा रहा है। इस बारे में जब सिविल सर्जन डॉ. गुलशन अरोड़ा से संपर्क करने का प्रयास किया गया तो उनका मैसेज आया कि वह किसी बैठक में व्यस्त हैं।