पीएम के उद्घाटन कार्यक्रम से दो दिन पहले बुधवार को यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने सिकंदरपुर गांव स्थित सभा स्थल और हिंडन एयरपोर्ट सिविल टर्मिनल के निर्माण कार्यो का जायजा लिया। सीएम ने तैयारी को लेकर अधिकारियों से बात की।
साथ ही दो मोबाइल एंबुलेंस को हरि झंडी दिखाकर रवाना किया। वहीं एसपीजी की डॉग स्क्वॉयड और बम निरोधक टीम ने सभा स्थल की चेकिंग की। उधर एसपीजी के डीआईजी के सख्त निर्देशों के बाद एयरपोर्ट अथॉरिटी ने शेष बचे कार्यों को समय से पूरा करने के लिए कर्मचारियों की संख्या बढ़ा दी है।
आठ मार्च को हिंडन एयरपोर्ट सिविल टर्मिनल और दिलशाद गार्डन टू शहीद स्मारक मेट्रो का उद्घाटन करने आ रहे पीएम नरेंद्र मोदी आ रहे हैं। कार्यक्रम का जायजा लेने के लिए यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ की गाड़ियों का काफिला सुबह करीब 12 बजे सिकंदरपुर स्थित एयरपोर्ट टर्मिनल पहुंचा। सबसे पहले सीएम ने एयरपोर्ट के निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया।
एयरपोर्ट अथॉरिटी के अधिकारियों ने सीएम को तैयारी को लेकर जानकारी दी। यहां अधिकारियों के साथ करीब 15 मिनट की बैठक के बाद सीएम सभा स्थल के लिए टीम के साथ रवाना हुए। सभा स्थल पहुंचे सीएम ने मंच और तीनों पंडाल का भी निरीक्षण किया। सीएम ने कार्यक्रम की तैयारी को देख समय से काम पूरा करने की बात कही।
अधिकारियों से उन्हें समय से काम पूरा हो जाने का भरोसा दिलाया। इसके बाद सीएम ने कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के लिए भाजपा नेताओं और विधायकों से भी कार्यक्रम को लेकर चर्चा की। इसके बाद सीएम का काफिला वापस एयरपोर्ट पहुंचा।